Bengaluru में कारोबारी चरण गौड़ा मर्डर केस सुलझा, 5 गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 16, 2026

बेंगलुरु में पिछले हफ्ते एक जमीनी संपत्ति कारोबारी की उसकी पत्नी के सामने कर दी गयी हत्या के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार जांचकर्ताओं का कहना है कि यह हत्या कथित तौर पर कारोबारी के एक पूर्व दोस्त ने पैसों के विवाद को लेकर रची थी।

पुलिस ने सोमवार को कहा कि आरोपियों की पहचान किरण कुमार (40), किरण गौड़ा (24), आकाश (19), लोकेश ए (47) और रुद्रेश एम वी (39) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक जमीनी संपत्ति कारोबारी चरण गौड़ा की हत्या कर दी गयी थी और इस हत्याकांड की साजिश उनके सहयोगी रहे किरण कुमार ने वित्तीय विवाद के चलते रची थी। दोनों दो साल पहले से इसी विवाद के कारण एक दूसरे से अलग हो गये थे।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि किरण कुमार ने कथित तौर पर अपने दोस्त रुद्रेश से संपर्क किया, जिसने लोकेश नाम के एक बिचौलिए के ज़रिए हत्या का इंतज़ाम किया। पुलिस के अनुसार, यह हत्या भाड़े के हत्यारों - किरण गौड़ा और आकाश - ने की थी। पुलिस ने बताया कि इस हत्या की साजिश 30 लाख रुपये में रची गई थी, जिसमें से 15 लाख रुपये कथित तौर पर पहले ही उन दोनों हत्यारों को दे दिए गए थे।

पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को येलाहांका में 40 वर्षीय चरण की अज्ञात हमलावरों ने उनके दफ्तर के पास उनकी पत्नी के सामने ही हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि चन्नापटना तालुक के चरण, येलहंका में कोगिलु के पास अपने परिवार के साथ रहते थे। यह घटना तब हुई जब चरण और उनकी पत्नी कार से उनके दफ्तर पहुंचे।

उनकी पत्नी गाड़ी से उतरकर दफ्तर की ओर गईं, इसी बीच मोटरसाइकिल पर आए दो लोगों ने चरण पर जानलेवा हथियारों से हमला कर दिया। उस समय वह अपने मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि येलाहंका न्यू टाउन थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है, और इस घटना के सिलसिले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

प्रमुख खबरें

Gurdaspur में Punjab Police के हेड कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या

Rajasthan Panchayat Chunav: अंतिम चरण में 84.42 प्रतिशत मतदान, कई जिलों में झड़प और फर्जी वोटिंग

Sonia Gandhi ने अपनी Book रिलीज पर कहा, परिवार पर झूठी बातों के कारण सामने लाई सच

राष्ट्रीय तीरंदाजी में Kumkum Mohod का जलवा, महाराष्ट्र को पहुंचाया तीन फाइनल में