By रेनू तिवारी | Oct 06, 2026
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के केम्पापुरा इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिम में एनिवर्सरी इवेंट की पार्टी के बाद अपने क्लाइंट के फ्लैट पर रात बिताने गए 25 वर्षीय जिम ट्रेनर की बहस के बाद पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में एक क्लाइंट और तीन अन्य जिम ट्रेनर समेत कुल चार लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि बेंगलुरु में एक क्लाइंट के अपार्टमेंट में बहस के बाद 25 साल के जिम ट्रेनर के साथ मारपीट की गई और उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम जिम में एक एनिवर्सरी इवेंट में शामिल होने के बाद, नंदन और उनके साथी विश्वनाथ, शरथ और निशांत रात बिताने के लिए केम्पापुरा में अनुष के फ़्लैट पर गए थे। डिप्टी कमिश्नर ऑफ़ पुलिस (नॉर्थ-ईस्ट) मिथुन कुमार ने बताया कि इस घटना के सिलसिले में अमृतहल्ली पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित अपने तीन साथियों के साथ रात बिताने अनुष के घर गया था और घटना रविवार सुबह 7 बजे से 7:30 बजे के बीच हुई।
शुरुआती जांच का हवाला देते हुए पुलिस ने बताया कि निजी मामलों को लेकर लोगों के बीच बहस हुई और मामला हिंसक झड़प में बदल गया, जिसके दौरान नंदन पर जानलेवा हमला किया गया। पुलिस ने बताया कि झड़प में विश्वनाथ और शरथ को भी मामूली चोटें आईं। बाद में नंदन को हेब्बल के एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चोटों के कारण उनकी मौत हो गई।
DCP ने कहा, "प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि हत्या निजी कारणों से की गई है।" उन्होंने बताया कि आरोपियों को विस्तृत पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने कहा कि घटना की सही वजह और घटनाक्रम का पता लगाने के लिए मौके के CCTV फ़ुटेज और अन्य टेक्निकल डेटा का विश्लेषण किया जा रहा है। यह मामला एक निजी झगड़े के बाद फ़्लैट के अंदर हुई कथित मारपीट से जुड़ा है, जिसमें नंदन की मौत हो गई और चार लोगों को हिरासत में लिया गया।