By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 11, 2026
रूस की राजधानी मास्को में 1980 के ओलंपिक में स्वर्ण पदक विजेता भारतीय हाकी टीम के सदस्य रहे एम एम सोमैया के घर से हाल ही में पदक समेत अन्य कीमती सामान चुराने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि चोरी हुए सामान में वह स्वर्ण पदक भी शामिल था, जो सोमैया ने मॉस्को ओलंपिक में भारतीय टीम के सदस्य के रूप में जीता था।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की पहचान बेंगलुरु के रहने वाले मजदूर माणिक्य उर्फ माणिकंता (31) और भरत (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि माणिक्य 33 मामलों में शामिल रहा है, जिनमें 25 कर्नाटक में और बाकी मामले तमिलनाडु से संबंधित हैं, जबकि भरत कथित तौर पर दो मामलों - हत्या और चोरी में शामिल बताया जाता है। बेंगलुरु पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने यहां एक प्रेसवार्ता के दौरान इस गिरफ्तारी की घोषणा की।
इस गिरफ्तारी के साथ, पुलिस ने चोरी हुए सभी आठ पदक बरामद कर लिए। इन पदकों में संबंधित ओलंपिक स्वर्ण पदक, 1982 के नयी दिल्ली एशियाई खेलों का एक रजत पदक, 1986 के सियोल एशियाई खेलों का एक कांस्य पदक और एम्स्टर्डम में 1982 की चैंपियंस ट्रॉफी का एक कांस्य पदक शामिल है। इसके साथ ही कुछ अन्य कीमती सामान भी बरामद हुआ।
सिंह ने बताया कि संबंधित घटना 28 अक्टूबर को इंदिरा नगर थानाक्षेत्र में हुई थी। अपनी शिकायत में 67 वर्षीय हॉकी खिलाड़ी ने कहा था कि वह अपने परिवार के साथ कोडागु जिले में स्थित अपने पैतृक स्थान गए थे। पुलिस के अनुसार, यह घटना तब सामने आई जब सोमैया के एक पड़ोसी ने देखा कि उनके घर का दरवाजा खुला हुआ है।
घर में सेंधमारी की आशंका जताते हुए पड़ोसी ने इस बारे में सूचना दी। अधिकारियों के मुताबिक, 28 अक्टूबर को घर लौटने पर सोमैया ने पाया कि अज्ञात व्यक्तियों ने मुख्य द्वार का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया था। चोरों ने अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में जीते गए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों के साथ-साथ सोने-चांदी का अन्य सामान और नकदी भी चुरा ली थी।
इस घटना के बाद मामले की जांच के लिए आठ विशेष टीम गठित की गईं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नौ नवंबर को रामनगर के हगलहल्ली चौराहे के पास से दो व्यक्तियों को उस दोपहिया वाहन के साथ पकड़ा गया, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर इस अपराध को अंजाम देने में किया गया था। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने एक अन्य दोस्त के साथ मिलकर इस अपराध को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने कहा कि 10 नवंबर को अदालत ने पूछताछ के लिए दोनों आरोपियों को आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। अधिकारी ने कहा, ‘‘पूछताछ के दौरान उन्होंने खुलासा किया कि चोरी किए गए अंतरराष्ट्रीय पदकों में से एक स्वर्ण पदक और एक रजत पदक राजाजीनगर स्थित एक गोल्ड कंपनी को बेच दिया गया था, जबकि शेष पदक होसकोटे के ‘एच क्रॉस’ के पास स्थित एक आरोपी के घर में रखे गए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आरोपियों द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर, एक स्वर्ण कंपनी से एक स्वर्ण पदक और एक रजत पदक बरामद किए गए। इसके अलावा, आरोपियों में से एक के घर से छह पदक, एक कोडावा तलवार, एक ओलंपिक बैग और एक कैमरा बरामद किया गया।’’ पुलिस ने बताया कि शेष फरार आरोपी का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
सोमैया ने यहां पत्रकारों के साथ बातचीत में बेंगलुरु पुलिस आयुक्त और उनकी टीम (जिसमें पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) विक्रम अमाथे भी शामिल हैं) को धन्यवाद दिया। उन्होंने पिछले कुछ दिनों में किए गए उनके प्रयासों और बहुत कम समय में इस मामले को सुलझाने के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनके घर से चोरी हुए पदकों के साथ-साथ चोरी हुईं अन्य कीमती चीजें भी बरामद कर ली हैं।
सोमैया ने कहा, ‘‘पहले ही दिन से, इंदिरा नगर पुलिस निरीक्षक आनंद ने हमें भरोसा दिलाया कि पदक वापस मिल जाएंगे, क्योंकि ये न केवल मेरी व्यक्तिगत उपलब्धि थे, बल्कि राज्य और देश के लिए भी सम्मान की बात थे। उन्होंने हमें पूरा भरोसा दिया, और उन्होंने अपनी टीम तथा इंदिरा नगर थाने के कर्मियों के साथ मिलकर बहुत शानदार काम किया है।’’ चोरी हुए पदकों के वापस मिल जाने पर, सोमैया ने कहा कि उन्हें ऐसा लग रहा है मानो उन्होंने एक बार फिर ओलंपिक पदक जीत लिया हो। इस बीच, पुलिस उपायुक्त अमाथे ने बताया कि मामला सुलझाने के लिए टीम को एक लाख रुपये का इनाम देने की मंजूरी दी गई है।