By अभिनय आकाश | Dec 21, 2022
कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अब हरियाणा में प्रवेश कर गई है। यात्रा राजस्थान से हरियाणा पहुंची है। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, पार्टी के प्रदेश प्रमुख उदय भान सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने यात्रा का राज्य में स्वागत किया। कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा को अच्छा समर्थन मिल रहा है। पहले हरियाणा प्रति व्यक्ति आय और निवेश में नंबर 1 पर था आज महंगाई और बेरोजगारी में नंबर 1 पर है। कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है। ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार है ही नहीं।
बता दें कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखा। पत्र में कहा गया है कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कोविड दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए और मास्क-सैनिटाइजर का उपयोग लागू किया जाए।