Kaun Banega Gujaratna Sardar: भूपेंद्र पटेल बने Gujarat BJP CM Candidate, Owaisi ने AAP को बताया छोटा रिचार्ज

By नीरज कुमार दुबे | Nov 15, 2022

नमस्कार, प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क के खास चुनावी कार्यक्रम कौन बनेगा गुजरातना सरदार में आप सभी का स्वागत है। गुजरात में पहले चरण का नामांकन कार्य पूरा होने के बाद चुनाव प्रचार ने गति पकड़ ली है। इस बीच, भाजपा ने जहां यह साफ कर दिया है कि सत्ता में लौटने पर भूपेंद्र पटेल ही फिर से मुख्यमंत्री होंगे वहीं विदेश दौरे से लौटने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राज्य भर में मेगा रैलियों की तैयारी भी कर ली गयी है। आइये डालते हैं गुजरात चुनाव से जुड़ी बड़ी खबरों पर एक नजर।

इसे भी पढ़ें: गुजरात में भाजपा का नहीं, कांग्रेस का खेल बिगाड़ेगी आम आदमी पार्टी

इस बीच, भाजपा ने गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए गांधीनगर दक्षिण सीट से अल्पेश ठाकोर को उम्मीदवार बनाते हुए 12 और उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। हम आपको बता दें कि वर्ष 2017 के चुनाव के दौरान राज्य में भाजपा विरोधी आंदोलन के चेहरों में से एक अल्पेश ठाकोर 2019 में भाजपा में शामिल हो गए थे। उन्होंने 2017 में कांग्रेस के टिकट पर जीत हासिल की थी, लेकिन 2019 में उपचुनाव में अपनी राधनपुर सीट हार गए थे। तीसरी सूची के साथ भाजपा ने 182 सदस्यीय राज्य विधानसभा चुनाव के लिए 178 सीट पर उम्मीदवारों का नाम घोषित कर दिया है।

उधर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि यदि पार्टी गुजरात में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव में बहुमत हासिल करती है तो भूपेंद्र पटेल राज्य के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। अमित शाह के बयान से यह स्पष्ट हो गया है कि भूपेंद्र पटेल भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हैं और पार्टी की नजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के गृह राज्य में लगातार सातवीं बार सत्ता हासिल करने पर है। हम आपको याद दिला दें कि भूपेंद्र पटेल ने सितंबर 2021 में विजय रूपानी की जगह मुख्यमंत्री का पद संभाला था। वह भाजपा नेतृत्व का एक ऐसा कदम था जिसने कई लोगों को चौंका दिया था। भूपेंद्र पटेल घाटलोडिया निर्वाचन क्षेत्र से पहली बार विधायक बने हैं। उन्हें उसी सीट से फिर से उम्मीदवार बनाया गया है। जहां तक अन्य दलों के सीएम उम्मीदवार की बात है तो अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी ने "सार्वजनिक सर्वेक्षण" करने के बाद पार्टी नेता इसुदान गढ़वी को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया था। वहीं कांग्रेस ने चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा नहीं करने का फैसला किया है।

दूसरी ओर, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार आगामी गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रचार अभियान की अगुवाई करेंगे। पार्टी ने 31 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की, जिनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रफुल्ल पटेल, महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष जयंत पाटिल, वरिष्ठ नेता अजित पवार, सुप्रिया सुले, छगन भुजबल और प्रवक्ता क्लाइड क्रस्टो शामिल हैं। गुजरात विधानसभा चुनाव में राकांपा कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। 

उधर, कांग्रेस ने गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है, जिसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कई अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हैं। पार्टी के इन स्टार प्रचारकों की सूची में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, कमलनाथ, सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जगदीश ठाकोर और प्रदेश प्रभारी रघु शर्मा के नाम भी शामिल हैं।

इसे भी पढ़ें: गुजरात और एमसीडी चुनाव में किसका पलड़ा भारी, दक्षिण की ओर क्यों देख रही भाजपा

इस बीच, गुजरात की 12 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने के बाद एआईएमआईएम के प्रमुख असद्दुदीन ओवैसी घूम-घूमकर प्रचार कर रहे हैं और भाजपा के साथ ही कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर भी हमला बोल रहे हैं। उन्होंने कहा है कि महंगाई आसमान को छू रही है। तनख़्वाह कम और पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ रही है। लेकिन भाजपा समान नागरिक संहिता लाने की बात करती है। उन्होंने कहा कि जब हम अवाम से कहते हैं कि वोट डालने वाले नहीं वोट लेने वाला बनो तो भाजपा और कांग्रेस के साथ ही छोटा रिचार्ज (AAP) को तकलीफ होती है।

दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी का प्रचार कार्य पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने संभाल रखा है। पोरबंदर में उन्होंने आज एक रोड शो किया। भगवंत मान ने सोमवार को सोमनाथ में रोड शो किया था। पार्टी का कहना है कि रोड शो में उमड़ रही भीड़ दर्शा रही है कि गुजरात की जनता बदलाव चाह रही है।

प्रमुख खबरें

IPL 2026 में Arjun Tendulkar का परफेक्ट यॉर्कर, बेटे की सफलता पर Sachin का दिल छू लेने वाला Post

FIFA World Cup 2026 Schedule: Mexico में उद्घाटन मैच, जानें USA-Canada कब शुरू करेंगे अभियान

Delhi High Court का बड़ा फैसला, Vinesh Phogat के Asian Games Trials का रास्ता हुआ साफ।

रॉकेट नहीं, Elon Musk का Starlink बना SpaceX का कमाई इंजन, Financial Report में बड़ा खुलासा