By अजय कुमार | Dec 21, 2024
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के विकास के लिए अपनी जमीन देने वाले किसानों को राहत दी है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित संवाद में उन्होंने तीसरे चरण के भूमि अधिग्रहण के लिए मुआवजा दर 3100 रुपये प्रति वर्गमीटर से बढ़ाकर 4300 रुपये प्रति वर्गमीटर करने की घोषणा की। यह मुआवजा ब्याज सहित दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि प्रभावित किसान परिवारों को व्यवस्थापन, रोजगार और सेवायोजन के अवसर दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह एयरपोर्ट एशिया का सबसे बड़ा हवाई अड्डा होगा और अप्रैल 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे। 9 दिसंबर को यहां वेलीडेशन फ्लाइट की सफल लैंडिंग हो चुकी है। उन्होंने कहा कि अगले साल अप्रैल से यहां से नियमित उड़ानें शुरू हो जाएंगी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के सीईओ को मंच पर बुलाकर भूमि अधिग्रहण और प्रभावित किसानों के व्यवस्थापन पर चर्चा की। सीईओ ने बताया कि भूमि अधिग्रहण के लगभग सभी मामलों में मुआवजा दिया जा चुका है। केवल उत्तराधिकार और वरासत के कुछ प्रकरण लंबित हैं। मुख्यमंत्री ने इन मामलों का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।
एयरपोर्ट के साथ 40 एकड़ में एमआरओ (मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉलिंग) हब भी बनाया जाएगा। यह क्षेत्र विमानों के रखरखाव का प्रमुख केंद्र बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले वर्षों में यह इलाका औद्योगिक और सेवा क्षेत्र की गतिविधियों का केंद्र बनेगा।जेवर, जो कभी विकास से अछूता था, अब वैश्विक मानचित्र पर चमकेगा। उन्होंने बताया कि दो वर्षों में 1334 हेक्टेयर भूमि यानी करीब 3300 एकड़ का अधिग्रहण बिना विवाद के पूरा हुआ है। यह उपलब्धि क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगी।