By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 26, 2026
बिहार भाजपा ने आईआरसीटीसी घोटाले से जुड़े मामले में पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद और उनके परिवार की याचिकाओं को खारिज करने के दिल्ली उच्च न्यायालय के एक आदेश का बृहस्पतिवार को स्वागत किया। भाजपा ने दावा किया कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख का ‘राजनीतिक साजिश’ का आरोप बेनकाब हो गया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार शर्मा ने एक बयान में प्रसाद पर केंद्र में रेल मंत्री रहते हुए ‘क्रोनी कैपिटलिज्म’ (पक्षपातपूर्ण पूंजीवाद) में लिप्त होने और बिहार में राजद के शासन के दौरान ‘जंगलराज’ को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया।
शर्मा ने कहा, ‘‘भाजपा कानून के शासन और भ्रष्टाचार के उन्मूलन के पक्ष में है। दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश से स्पष्ट हो गया है कि न्यायपालिका ने लालू प्रसाद के राजनीतिक साजिश के दावे को खारिज कर दिया है।’’ उल्लेखनीय है कि दिल्ली उच्च न्यायालय ने निचली अदालत के एक फैसले को बरकरार रखा है, जिसमें प्रसाद, उनकी पत्नी एवं बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, उनके छोटे बेटे तेजस्वी यादव तथा आरोपपत्र में नामजद अन्य करीबी सहयोगियों के खिलाफ आरोप तय करने का आदेश दिया गया था। आरोपपत्र केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दाखिल किया था।
शर्मा ने कहा कि मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन-1 सरकार में रेल मंत्री रहे प्रसाद पर निचली अदालत ने ‘क्रोनी कैपिटलिज्म’ का आरोप लगाया है और सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत आरोप तय करने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘बिहार ने जंगलराज के कारण बहुत कुछ झेला है। अब समय आ गया है कि लालू परिवार को न्याय के कटघरे में लाया जाए।’’