बिहार के 900 Revenue Courts में शुरू हुई वर्चुअल सुनवाई, RCMS से घर बैठे होगी पैरवी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 23, 2026

बिहार के सभी 900 राजस्व न्यायालयों में ऑनलाइन सुनवाई की सुविधा मुहैया करा दी गई है और अब लोगों को दाखिल-खारिज, परिमार्जन सहित अन्य राजस्व मामलों की सुनवाई के लिए अदालतों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा बल्कि घर बैठे ही अपने मामलों की पैरवी कर सकेंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली (आरसीएमएस) के तहत ऑनलाइन सुनवाई की व्यवस्था का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से आम लोगों के समय और संसाधनों की बचत होगी।

विशेष रूप से गरीब एवं कमजोर वर्ग के लोगों को राहत मिलेगी, जिन्हें सुनवाई के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से राजस्व न्यायालयों तक आना पड़ता था। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, चौधरी ने कहा कि ऑनलाइन सुनवाई के दौरान पूरी कार्यवाही की रिकॉर्डिंग और ‘ट्रांसक्रिप्शन’ उपलब्ध रहेगा। इससे न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और सुनवाई की गुणवत्ता में सुधार होगा।

चौधरी ने पारित आदेशों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए उनकी नियमित समीक्षा की व्यवस्था करने की भी अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में राजस्व से जुड़े करोड़ों आवेदन और मामले लंबित रहते हैं। नयी व्यवस्था लागू होने से इनके निष्पादन में तेजी आएगी और न्यायालयों पर मुकदमों का बोझ भी कम होगा।

उन्होंने कहा कि यह पहल सरकार के सात निश्चय-3 के तहत सबका सम्मान-जीवन आसान के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऑनलाइन सुनवाई की व्यवस्था का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। साथ ही आदेशों की गुणवत्ता की नियमित जांच के लिए विशेष प्रकोष्ठ गठित करने को कहा।

राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने बाद में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि राज्य के सभी 900 राजस्व न्यायालयों को ‘वर्चुअल कोर्ट’ में परिवर्तित कर दिया गया है। विभाग का उद्देश्य भूमि विवादों के निपटारे की प्रक्रिया को पारदर्शी, जवाबदेह और सुगम बनाना है। उन्होंने कहा कि बिहार देश का पहला राज्य है जहां की सभी राजस्व अदालतों में ऑनलाइन सुनवाई की सुविधा है।

मंत्री ने कहा कि अब रैयतों (भूमिस्वामियों) को दाखिल-खारिज, परिमार्जन समेत अन्य राजस्व मामलों की सुनवाई के लिए बार-बार अदालतों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सुनवाई के दौरान रैयतों की ओर से रखे गए पक्ष को रिकॉर्ड कर सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि भविष्य में किसी विवाद की स्थिति में प्रस्तुत तथ्यों को प्रमाण के तौर पर इस्तेमाल किया जा सके। जायसवाल ने कहा कि पहले कई मामलों में तारीख पर तारीख मिलती थी और सुनवाई पूरी होने में वर्षों लग जाते थे।

कुछ मामलों में चार-चार साल तक सुनवाई पूरी नहीं हो पाती थी। विभाग तकनीक के इस्तेमाल से इस व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने का प्रयास कर रहा है, ताकि आम नागरिकों को समय पर न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि नयी व्यवस्था से रैयतों को तारीख पर तारीख की परेशानी से मुक्ति मिलेगी और राजस्व मामलों के निपटारे में तेजी आएगी।

प्रमुख खबरें

प्रकाश पर्व पर शबद कीर्तन में शामिल हुए PM मोदी, कहा- सिख गुरुओं के आदर्शों और प्रेरणा से ही बनेगा Viksit Bharat

Mahanadi Coalfields IPO को मिला 1.52 गुना सब्सक्रिप्शन, 27 नवंबर को होगी लिस्टिंग

बांग्लादेश में बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर सख्ती, 16 साल से कम उम्र के बच्चों के बच्चों पर पाबंदी लगाने का आदेश

West Bengal का नाम पश्चिम बंग करने का प्रस्ताव 9 दिसंबर को Assembly में आएगा: शुभेंदु