By प्रेस विज्ञप्ति | Jul 15, 2026
देश के सबसे बड़े वैश्विक टेक्सटाइल आयोजन भारत टेक्स 2026 का शुभारंभ आज नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में हुआ। 17 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले इस चार दिवसीय आयोजन का उद्घाटन केंद्रीय वस्त्र मंत्री माननीय गिरिराज सिंह ने किया। इस अवसर पर वस्त्र राज्य मंत्री माननीय पबित्रा मार्गेरिटा, वस्त्र सचिव नीलम शामी राव, उद्योग विभाग, बिहार सरकार के सचिव कुंदन कुमार तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। पहले दिन ही कई निवेशकों ने बिहार सरकार के साथ 1400 करोड़+ के एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
इस अवसर पर माननीय केंद्रीय मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार तेजी से देश के उभरते हुए टेक्सटाइल हब के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ने प्लग एंड-प्ले जैसी आधुनिक औद्योगिक सुविधाएं विकसित की हैं, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।
इस अवसर पर माननीया उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार आज देश में टेक्सटाइल एवं परिधान निर्माण के सबसे संभावनाशील राज्यों में तेजी से उभर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्रगतिशील औद्योगिक नीतियां, निवेश-अनुकूल वातावरण तथा पारंपरिक शिल्प को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता उद्यमियों, कारीगरों और वैश्विक निवेशकों के लिए नए अवसर सृजित कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत टेक्स 2026 बिहार की औद्योगिक क्षमता और समृद्ध वस्त्र विरासत को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है।
उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार पवेलियन राज्य की पारंपरिक शिल्प विरासत और आधुनिक औद्योगिक विकास के समन्वय का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भारत टेक्स 2026 में बिहार की भागीदारी राज्य के उद्यमों को नए बाजारों से जोड़ने, व्यापारिक साझेदारियों को मजबूत करने तथा टेक्सटाइल क्षेत्र में नए अवसरों के सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
भारत टेक्स 2026 के नॉलेज सेशन के दौरान बिहार सरकार ने वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र की अग्रणी 16 कंपनियो के साथ समझौता ज्ञापनो (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए, जिससे राज्य के उभरते हुए टेक्सटाइल निवेश गंतव्य के रूप में बढ़ते विश्वास को बल मिला। इन सभी एमओयू के माध्यम से ₹1,476 करोड़ के प्रस्तावित निवेश तथा 40,500 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है, जो बिहार के वस्त्र उद्योग को नई गति देने के साथ-साथ राज्य में रोजगार एवं औद्योगिक विकास को भी महत्वपूर्ण बढ़ावा देगा।
बिहार पवेलियन में राज्य के प्रमुख प्रदर्शकों- सावी ग्लोबल (SAVI Global), ग्रामीण खादी ग्रामोद्योग विकास संघ, गोपालन सिल्क, ईको तसर सिल्क प्राइवेट लिमिटेड, हाई स्पिरिट कमर्शियल वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड (HSCVPL), न्यू ज़ील फैशन वियर प्राइवेट लिमिटेड, अर्थोमेडिक फाउंडेशन, कॉम्पिटेंस एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, निफ्ट पटना तथा मॉडलामा ग्रुप अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके साथ ही प्रसिद्ध कलाकार कुमारी नलिनी शाह द्वारा मधुबनी चित्रकला तथा अरुंधती महतो द्वारा टिकुली कला का सजीव प्रदर्शन आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
17 जुलाई 2026 तक चलने वाले भारत टेक्स 2026 में बिहार पवेलियन आगंतुकों, खरीदारों और निवेशकों को राज्य की समृद्ध वस्त्र परंपरा, औद्योगिक क्षमताओं, निवेश संभावनाओं तथा "बिहार है तैयार" की परिकल्पना से परिचित करा रहा है।