बिहार: मोदी ने आंबेडकर के ‘अपमान’ के मुद्दे पर लालू पर साधा निशाना

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 21, 2025

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद पर उनके जन्मदिन समारोह के दौरान बाबासाहेब आंबेडकर के कथित अपमान को लेकर तीखा हमला बोला।

बिहार के सिवान जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘आंबेडकर वंशवाद के खिलाफ थे। लेकिन उन्हें (राजद और उसके सहयोगी दलों को) यह बात पसंद नहीं है। इसलिए उन्होंने उनकी (आंबेडकर की) तस्वीर अपने पैरों के पास रख ली। रास्ते में मैंने बाबासाहेब के इस अपमान के लिए माफी की मांग करने वाले पोस्टर देखे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन कोई माफी नहीं मांगी गई। ऐसा इसलिए है, क्योंकि वे दलितों का तिरस्कार करते हैं। जबकि मोदी, बाबासाहेब को अपने दिल में रखता है।’’ राजद के अनुसार, इस महीने की शुरुआत में लालू प्रसाद के 78वें जन्मदिन के जश्न के दौरान उनके आवास पर ‘कैमरा एंगल’ के कारण विवाद पैदा हुआ।

पार्टी ने दावा किया है कि प्रसाद ने ‘चिकित्सकीय सलाह’ के कारण सोफे पर पैर रखा था, और एक समर्थक आंबेडकर की तस्वीर लेकर उनके पास खड़ा था। राजद अध्यक्ष के छोटे बेटे और उनके उत्तराधिकारी माने जाने वाले तेजस्वी यादव से जब पूछा गया कि क्या उनके पिता के लिए माफी मांगना उचित नहीं होगा, तो उन्होंने कहा, ‘‘हमारे यहां आंबेडकर का कोई अपमान नहीं हुआ। और क्या केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अब तक माफी मांगी है?’’ वह कुछ महीने पहले संसद में शाह द्वारा दिए गए भाषण का जिक्र कर रहे थे। इस बीच, राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने प्रसाद को एक नोटिस जारी किया है, जिसमें निर्धारित समय के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

राज्य में कुछ महीने बाद विधानसभा चुनाव होने हैं, उससे पहले भाजपा पूर्व मुख्यमंत्री प्रसाद के पुतले जला रही है और राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को ज्ञापन सौंप रही है।

प्रसाद के व्यवहार की केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान जैसे राष्ट्रीय नेताओं के अलावा दलित नेता चिराग पासवान जैसे भाजपा के सहयोगी दलों के नेताओं ने भी आलोचना की है।

प्रमुख खबरें

Manik Saha ने पूरा किया वादा: Judo Star Asmita Dey को मिला 10 लाख का Check और अगरतला में अपना घर

Commonwealth Fencing Championship: लागोस में Team India का दबदबा, तीसरे दिन 3 Gold समेत जीते 5 पदक

England Test Captain Joe Root ने खिलाड़ियों पर से हटाया Night Curfew, कहा- अपनी Responsibility खुद समझें Team Members

India vs Sri Lanka Test: Washington Sundar के बाहर होने से Team India की बढ़ी मुश्किलें, लगा बड़ा झटका