By अंकित सिंह | Jan 01, 2025
बुधवार को सुबह की सैर पर निकले जेडीयू के दिग्गज नेता और बिहार सरकार में मंत्री रत्नेश सदा को एक टेम्पो ने टक्कर मार दी, जिससे वह, उनके भाई और अंगरक्षक घायल हो गए। तीनों को सदर अस्पताल ले जाया गया और वे खतरे से बाहर हैं। घटना उस वक्त हुई जब मंत्री परिवार के साथ नए साल का जश्न मनाने अपने गांव पहुंचे थे और अपने बॉडीगार्ड और भाई के साथ सुबह की सैर पर निकले थे। दावा किया जा रहा है कि मंत्री रत्नेश सदा को पैर और सिर में चोट लगी है।
सूत्रों के मुताबिक, टेंपो चालक ने मंत्री और उनके सहयोगियों को टक्कर मारने से पहले कथित तौर पर दो और लोगों को टक्कर मारी थी। ड्राइवर अभी भी फरार है। वहीं, उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाक्टर संजय निषाद के काफिले का एक वाहन पशु को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया जिसमें सवार चार महिला कार्यकर्ताओं सहित पांच कार्यकर्ता घायल हो गए। यह हादसा मंगलवार की रात जिले के ख़ेजुरी थाना क्षेत्र के जनुआन गांव के समीप हुआ।