By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 24, 2026
बिहार के सिवान जिले में एक मकान में रखे पटाखों में विस्फोट होने के कारण मरने वालों की संख्या दो और लोगों की मौत के बाद बढ़कर पांच हो गई है, मरने वालों में दो नाबालिग हैं। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। सिवान के पुलिस अधीक्षक (एसपी) भारत सोनी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “इस घटना में पांच लोगों की मौत हुई है।
पुलिस के एक बयान के अनुसार, कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिवान सदर अस्पताल भेज दिया गया। एसपी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पटाखे बनाने वाली इस “अवैध” इकाई के लिए विस्फोटक सामग्री कहां से खरीदी गई थी।