Charles Sobhraj आखिर कैसे बना था बिकिनी किलर? अच्छे चाल चलन की वजह से छूटा Crime King क्या अब शराफत भरा जीवन गुजारेगा?

By गौतम मोरारका | Dec 22, 2022

‘बिकिनी किलर’ और ‘द सर्पेंट’ के नाम से कुख्यात फ्रांसीसी ‘सीरियल किलर’ चार्ल्स शोभराज अब जेल से बाहर आ रहा है। हम आपको बता दें कि नेपाली सुप्रीम कोर्ट ने चार्ल्स शोभराज की सेहत के आधार पर उसे रिहा करने का आदेश दिया है। भारतीय और वियतनामी माता-पिता की संतान चार्ल्स शोभराज हत्या के आरोप में वर्ष 2003 से उम्रकैद की सजा काट रहा था लेकिन अब वह जेल से बाहर आ रहा है। नेपाल उच्चतम न्यायालय के न्यायमूर्ति सपना प्रधान मल्ला और न्यायमूर्ति तिलक प्रसाद श्रेष्ठ की संयुक्त पीठ ने 78 वर्षीय शोभराज को जेल से रिहा करने का फैसला उस याचिका पर सुनाया जिसमें उसने दावा किया है कि वह निर्धारित अवधि से अधिक का समय जेल में बिता चुका है।

जहां तक चार्ल्स शोभराज की जीवन यात्रा की बात है तो आपको बता दें कि 6 अप्रैल 1944 को वियतनाम के साइगॉन में जन्मे चार्ल्स का बचपन काफी कठिनाइयों से भरा रहा था। पहले उनके पिता ने उन्हें अपनाने से इंकार किया फिर बाद में उनकी मां का संपर्क एक फ्रांसीसी फौजी से हुआ जिसके चलते उन्हें फ्रांस की नागरिकता मिली। अपराध की दुनिया के मशहूर और स्मार्ट किलर शोभराज ने किशोर अवस्था में ही शातिर तरीके से अपराध करना शुरू कर दिया था और 19 साल की उम्र में पहली बार जेल गया था। जेल में उसका जो नेटवर्क बना उसके आधार पर उसने रईसों को फंसाना शुरू कर दिया था। इसी दौरान चैंटल कॉम्पैग्नन से उसकी मुलाकात हुई और दोनों ने शादी कर ली और फिर मिलकर लोगों को लूटने लगे। बाद में चार्ल्स की जिंदगी में कई और महिलाएं भी आईं।

इसे भी पढ़ें: रिहा होगा सीरियल किलर चार्ल्स शोभराज, नेपाल की जेल में 19 साल से था बंद

बताया जाता है कि चार्ल्स ने सन् 1975 में पहले मर्डर को अंजाम दिया था। उसके बाद तो सिलसिला ही शुरू हो गया था। चार्ल्स ने भारत में भी अपराधों को अंजाम दिया था जिसके चलते उसे तिहाड़ जेल भेज दिया गया था। शोभराज ने 21 साल भारतीय जेल में बिताये जिसमें वह 21 दिन का समय नहीं शामिल है जब वह वर्ष 1986 में उच्च सुरक्षा वाली तिहाड़ जेल के सुरक्षाकर्मियों को मादक पदार्थ खिलाकर फरार हो गया था। उस दौरान उसने अपने जन्मदिन की पार्टी के उपलक्ष्य में मादक पदार्थ को मिठाई में मिलाकर गार्डों को खिला दिया था और भाग गया था। हालांकि, कुछ दिनों बाद उसे पकड़ लिया गया था और बाद में वह सजा पूरी करके फ्रांस चला गया था। शोभराज को अगस्त, 2003 में काठमांडू के एक ‘कसीनो’ से पकड़ा गया था और तबसे वह नेपाल की जेल में था। साल 2008 में उसने जेल में रहते हुए ही बिग बॉस-5 की प्रतियोगी निहिता बिस्वास से सगाई की घोषणा कर सबको चौंका दिया था। उसने 64 वर्ष की उम्र में 20 वर्ष की निहिता से जेल में ही शादी की थी।

जहां तक नेपाल उच्चतम न्यायालय के फैसले की बात है तो आपको बता दें कि अदालत ने अपने फैसले में संबंधित अधिकारियों से कहा है कि वे 15 दिनों के अंदर शोभराज के स्वदेश लौटने की व्यवस्था करें। अपनी याचिका में शोभराज ने दावा किया था कि वह नेपाल के वरिष्ठ नागरिकों को दी गई ‘छूट’ के अनुरूप अपनी जेल की सजा पूरी कर चुका है। उल्लेखनीय है कि नेपाल में उन कैदियों को रिहा करने का विधिक प्रावधान है जो कारावास के दौरान अच्छे चाल-चलन के साथ सजा का 75 फीसदी हिस्सा जेल में बिता चुके हों। बहरहाल, अब देखना होगा कि बाहर आकर भी चार्ल्स शोभराज अपराध की दुनिया में ही रहता है या जिस अच्छे चाल चलन का हवाला देकर वह जेल से बाहर आया है उसको बनाये रखता है।

प्रमुख खबरें

Allahabad High Court ने हमीरपुर में स्कूल सड़क के लिए Forest NOC देने का आदेश दिया

Raipur Police के खिलाफ ईसाई संगठन का मोर्चा, दुर्व्यवहार के आरोप में कार्रवाई की मांग

JPNIC Lucknow के संचालन और रखरखाव को UP Cabinet की मंजूरी, 30 साल की लीज पर दिया

Kurukshetra Murder: महिला ने तीन चाकुओं से की पति की हत्या, जांच जारी