गिर सकती है पाकिस्तान सरकार! Shehbaz Sharif से नाखुश Bilawal Bhutto Zardari की पार्टी PPP सरकार से बाहर निकलने के मूड़ में

By नीरज कुमार दुबे | Mar 06, 2023

कर्ज के जाल में बुरी तरह फंस चुके और नये कर्ज के लिए तरस रहे पाकिस्तान की गठबंधन सरकार का गिरना तय माना जा रहा है क्योंकि विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी ने शहबाज शरीफ सरकार को करारा झटका दे दिया है। माना जा रहा है कि बिलावल भुट्टो शहबाज शरीफ सरकार के 'वादों को पूरा नहीं करने' से 'नाखुश' हैं। बिलावल भुट्टो जरदारी ने कहा कि अगर सरकार वादे पूरे नहीं करती है तो उनकी पार्टी पीपीपी के लिए संघीय सरकार में बने रहना मुश्किल होगा। हम आपको बता दें कि बिलावल भुट्टो जरदारी सिंध के बाढ़ पीड़ितों को राहत देने के संघीय सरकार के वादे के बारे में बात कर रहे थे। उन्होंने याद दिलाया कि संघीय सरकार ने इन फंडों को प्रदान करने का वादा किया था, लेकिन अब तक यह वादा पूरा नहीं हुआ। गौरतलब है कि जरदारी की पार्टी, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी का सिंध प्रांत में शासन है। ऐसे में जबकि शाहबाज शरीफ की सरकार गंभीर आर्थिक संकट के कारण पहले ही कई झटके झेल रही है और पाकिस्तान के कई क्षेत्रों में भुखमरी जैसे हालात है, उस बीच महत्वपूर्ण गठबंधन सहयोगी दल के नेता बिलावल का यह बयान पाकिस्तान की राजनीति में नया तूफान ले आया है। बिलावल के बयान के पीछे यह भी माना जा रहा है कि शहबाज शरीफ सरकार के खिलाफ बन रहे माहौल को देखते हुए पीपीपी नहीं चाहती कि अगले चुनाव में उसे नुक्सान हो इसलिए वह सरकार से बाहर आने का निर्णय ले चुकी है, बस इसका ऐलान बाकी है।

इसे भी पढ़ें: Pakistan में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के निगरानी संस्थान ने इमरान खान के भाषणों के प्रसारण पर रोक लगाई

पाकिस्तान में चरमराते हालात की बात करें तो वहां बलूचिस्तान प्रांत में हालात तेजी से बिगड़ते जा रहे हैं। अशांत बलूचिस्तान प्रांत में एक आत्मघाती हमले में दस सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गयी और 13 अन्य घायल हो गए। ‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ अखबार के अनुसार, यह विस्फोट क्वेटा-सिबी राजमार्ग पर काम्बरी पुल पर बलूचिस्तान कांस्टेबुलरी कर्मियों के ट्रक के समीप हुआ। काछी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) महमूद नोतेजई ने कहा कि प्रारंभिक सबूतों से पता चलता है कि यह एक आत्मघाती हमला था। नोतेजई ने बताया कि बम हमले में बलूचिस्तान कांस्टेबुलरी के 10 कर्मियों की मौत हो गयी और 13 घायल हो गए। खबर के अनुसार, बलूचिस्तान कांस्टेबुलरी कर्मी सिबी मेला में ड्यूटी से लौट रहे थे जब उन्हें निशाना बनाया गया। विस्फोट की तीव्रता के कारण ट्रक पलट गया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बतायी जा रही है। हम आपको बता दें कि बलूचिस्तान कांस्टेबुलरी प्रांतीय पुलिस बल का एक विभाग है जो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों और जेलों समेत संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा मुहैया कराता है।

प्रमुख खबरें

US-Iran Deal से इजरायल बाहर! क्या समझौते का होगा पालन, ट्रंप vs नेतन्याहू अब होने वाला है?

Avengers Doomsday Release Date | X-Men और फैंटास्टिक फोर के साथ दिखेगा सबसे बड़ा क्रॉसओवर

JNU Admission 2026: JNU में चाहिए Admission? CUET Score ही है रास्ता, समझिए A to Z पूरी एडमिशन प्रोसेस

FIFA World Cup: Iran ने दो बार पिछड़ने के बाद New Zealand से 2-2 का रोमांचक ड्रॉ खेला