बिलकीस बानो मामला: न्यायालय ने पूछा कि क्या दोषियों के पास माफी मांगने का मौलिक अधिकार है?

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 20, 2023

उच्चतम न्यायालय ने 2002 के गुजरात दंगों के दौरान बिलकीस बानो से सामूहिक बलात्कार और उनके परिवार के सात सदस्यों की हत्या के मामले में 11 दोषियों की समय पूर्व रिहाई को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए पूछा कि क्या दोषियों को माफी मांगने का मौलिक अधिकार है। न्यायमूर्ति बी.वी. नागरत्ना और न्यायमूर्ति उज्जल भुइयां की पीठ ने 11 दोषियों में से एक की ओर से पेश वकील से पूछा, ‘‘क्या माफी मांगने का अधिकार (दोषियों का) मौलिक अधिकार है। क्या कोई याचिका संविधान के अनुच्छेद 32 (जो नागरिकों के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन होने पर सीधे उच्चतम न्यायालय पहुंचने के अधिकारसंबंधित है) के तहत दायर की जाएगी। वकील ने जवाब दिया, नहीं, यह दोषियों का मौलिक अधिकार नहीं है।

पीठ ने कहा, “कौन कह सकता है कि नियमों का पालन करने के बाद छूट दी गई है?” वकील ने जवाब देते हुए कहा कि अगर यह कोई सवाल है, तो छूट को उच्च न्यायालय में चुनौती दी जानी चाहिए, न कि अनुच्छेद 32 के तहत सीधे शीर्ष अदालत में। सुनवाई के दौरान, पीठ ने एक वकील की इस दलील पर आपत्ति जताई कि एक आरोपी को उच्चतम न्यायालय सहित किसी भी अदालत द्वारा सही या गलत दोषी ठहराए जाने और माफी दिए जाने से पहले सजा काट लेने के बाद इसे चुनौती नहीं दी जा सकती। पीठ ने वकील से सख्ती से कहा, “यह क्या है - सही या ग़लत? आपको सही दोषी ठहराया गया है। वकील ने कहा कि वह सिर्फ यह कहना चाहते थे कि दोषी पहले ही 15 साल से अधिक की सजा काट चुके हैं।

उन्होंने कहा, “सुविधा का संतुलन दोषियों की ओर अधिक झुकता है क्योंकि वे पहले ही सजा काट चुके हैं। हमारा आपराधिक न्यायशास्त्र सुधार के विचार पर आधारित है। इस स्तर पर अपराध की प्रकृति और गंभीरता को नहीं, बल्कि जेल में दोषियों के आचरण को देखा जाना चाहिए।” दोषियों की ओर से दलीलें बुधवार को पूरी हो गईं और अब अदालत चार अक्टूबर को अपराह्न दो बजे बिलकीस बानो के वकील और अन्य की जवाबी दलीलें सुनेगी। अदालत ने पूर्व में कहा था कि कुछ दोषियों को अधिक विशेषाधिकार प्राप्त हैं।

दोषी रमेश रूपाभाई चंदना की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा ने कहा था कि दोषियों के सुधार और पुनर्वास के लिए छूट देना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक स्थापित स्थिति है तथा जब कार्यपालिका निर्णय ले चुकी है तो अब बिलकीस बानो और अन्य के इस तर्क को नहीं माना जा सकता कि जघन्य अपराध के कारण उन्हें राहत नहीं दी जा सकती।शीर्ष अदालत ने 17 अगस्त को कहा था कि राज्य सरकारों को दोषियों को छूट देने में चयनात्मक नहीं होना चाहिए और प्रत्येक कैदी को सुधार एवं समाज के साथ फिर से जुड़ने का अवसर दिया जाना चाहिए।

प्रमुख खबरें

Bollywood Wrap Up | संजय लीला भंसाली के सेट पर हादसे से मचा हड़कंप, सैन फ्रांसिस्को में दिलजीत के शो में सुरक्षा चूक

Hormone Balancing Foods: PCOS और Stress से हैं परेशान? ये 5 Superfoods करेंगे Hormone Balance, जानें इनके फायदे

Travel Tips: कम बजट में चाहिए जन्नत का मजा? Family Trip के लिए परफेक्ट हैं ये हिल स्टेशन

Diljit Dosanjh के लाइव कॉन्सर्ट में सुरक्षा में बड़ी चूक, मंच पर चढ़े खालिस्तान-समर्थक, प्रदर्शनकारी को पुलिस ने किया गिरफ्तार