Bisleri ने पानी के नमूनों पर FSSAI से समीक्षा मांगी, स्वतंत्र लैब जांच में मिले सही

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 28, 2026

बोतलबंद पेयजल विनिर्माता कंपनी बिसलेरी ने शनिवार को कहा कि दो मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं की स्वतंत्र जांच में पश्चिम बंगाल से लिए गए उसके पानी के नमूने गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाए गए हैं। कंपनी ने खाद्य नियामक एफएसएसएआई से प्रयोगशाला निष्कर्षों में अंतर के कारणों की जांच करने का आग्रह किया है। बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड का यह बयान भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के उस ताजा आदेश के बाद आया है, जिसमें पश्चिम बंगाल से लिए गए एक नमूने के प्रयोगशाला जांच में विफल रहने के बाद कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई है।

सूत्रों ने शुक्रवार को बताया था कि जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा स्थित कंपनी की विनिर्माण इकाई से लिए गए एक नमूने में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पाया गया था। कोलीफॉर्म बैक्टीरिया सूक्ष्मजीवों का एक बड़ा समूह है। शोधित या बोतलबंद पानी में इसकी मौजूदगी यह दर्शाती है कि पानी के शुद्धिकरण में कहीं चूक हुई है या पाइपलाइन, टंकी अथवा पैकेजिंग स्तर पर गंदे पानी का रिसाव हुआ है।

सूत्रों ने कहा कि प्राथमिक और नामित, दोनों प्रयोगशालाओं ने नमूने में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी की सूचना दी थी, जिसके बाद नियामक ने 12 अगस्त, 2026 को उस विशिष्ट बैच (पीबी201) की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया था। एफएसएसएआई के ताजा आदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए बिसलेरी ने शनिवार को एक बयान में कहा कि उसने नियामक के निर्देश पर अपने बोतलबंद पेयजल के उक्त बैच को पहले ही बाजार से वापस मंगा लिया था, जिस पर 12 अगस्त, 2026 को प्रतिबंध लगाया गया था। कंपनी ने कहा कि उसी बैच के नमूनों की स्वतंत्र जांच में अलग परिणाम सामने आए हैं।

कंपनी ने कहा, बिसलेरी ने अलग से एफएसएसएआई से मान्यता प्राप्त एक प्रयोगशाला में उसी बैच के नमूनों की स्वतंत्र जांच कराई, जिसमें पाया गया कि नमूना कोलीफॉर्म बैक्टीरिया के लिए लागू मानक और अन्य सभी लागू खाद्य सुरक्षा मानकों को पूरा करता है। इसके अलावा, एफएसएसएआई से मान्यता प्राप्त एक अन्य स्वतंत्र प्रयोगशाला में जांचे गए नमूनों की रिपोर्ट में भी कहा गया कि नमूना कोलीफॉर्म बैक्टीरिया के लिए लागू मानक के अनुरूप है। बिसलेरी ने कहा, नियामकीय और स्वतंत्र जांच के निष्कर्षों के बीच अंतर की गहन समीक्षा किए जाने की आवश्यकता है।

कंपनी ने एफएसएसएआई से नमूना लेने की प्रक्रिया, परीक्षण पद्धति, प्रयोगशाला निष्कर्षों और परिणामों में अंतर के लिए जिम्मेदार किसी भी कारक की जांच करने का आग्रह किया। कंपनी ने उम्मीद जताई कि इस मामले का आकलन उन्हीं मानकों के आधार पर किया जाएगा जो पूरे उद्योग पर लागू होते हैं और वह तथ्यों को स्थापित करने के लिए एफएसएसएआई के साथ पूरा सहयोग करना जारी रखेगी। इससे पहले, खाद्य नियामक ने गोवा स्थित कंपनी की एक विनिर्माण इकाई से लिए गए नमूने के निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने के बाद भी कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी थी।

प्रमुख खबरें

मदुरै के Thirupparankundram Hill दरगाह में 100 से ज्यादा श्रद्धालुओं ने की नमाज

Women Reservation पर PM Modi का बड़ा संदेश, बोले- हमारा हौसला भी बुलंद है, हिम्मत भी अटूट है

BJP के लिए देश नहीं सिर्फ चुनाव जरूरी, Delimitation Bill पर Akhilesh Yadav का तीखा वार

Begusarai में बाइक सवार बदमाशों ने की गोलीबारी, 17 वर्षीय किशोर की मौत और एक घायल