By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 25, 2026
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने मंगलवार को राज्य सरकार पर मदुरै जिले की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित ‘दीपथून’ (दीप स्तंभ) पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम जलाने के उच्चतम न्यायालय के निर्देश को लागू करने में विफल रहने का आरोप लगाया। पत्रकारों से बातचीत में नागेंद्रन ने कहा कि शीर्ष अदालत ने निर्धारित स्तंभ पर दीप जलाने का निर्देश देने के साथ ही एक सप्ताह के भीतर अनुपालन रिपोर्ट मांगी थी, लेकिन जिला प्रशासन इस आदेश को लागू करने में विफल रहा है। उन्होंने कहा कि मद्रास उच्च न्यायालय ने भी मंगलवार को इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए हिरासत में लिए गए लोगों को तत्काल रिहा करने और जिलाधिकारी तथा पुलिस अधिकारियों को शीर्ष अदालत के आदेश का पालन कराने का निर्देश दिया था।
इसके बावजूद अधिकारियों ने ‘दीपथून’ के बजाय केवल पिल्लैयार मंदिर में दीप जलाया। नागेंद्रन ने कहा, ‘‘अदालत को यह भरोसा दिलाने के बाद कि व्यवस्था की जा रही है, पिल्लैयार मंदिर में दीप जलाना धोखा देने जैसा है। यह किसी बच्चे को टॉफी देकर बहलाने जैसा है और वे उच्चतम न्यायालय तथा उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।’’ भाजपा नेता ने जिला प्रशासन को निशाने पर लेते हुए कहा कि जिलाधिकारी के पास जिला मजिस्ट्रेट के तौर पर राजनीतिक दबाव के आगे झुके बिना स्वतंत्र रूप से अदालत के आदेश लागू कराने का अधिकार है।
उन्होंने कहा कि इस मामले में जिलाधिकारी को ‘‘पहला आरोपी’’ माना जाना चाहिए। वहीं, इस मामले में कानूनी विशेषज्ञों ने कहा कि याचिकाकर्ता उच्चतम न्यायालय के अंतरिम आदेश का जानबूझकर पालन नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए शीर्ष अदालत का रुख कर सकते हैं।