By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 25, 2026
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक ‘‘व्यक्तिगत’’ टिप्पणियों को लेकर मल्लिकार्जुन खरगे पर निशाना साधते हुए रविवार को कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष जिस प्रकार की ‘‘अमर्यादित और असंसदीय’’ भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह उनकी पार्टी के ‘‘वैचारिक दिवालियेपन’’ को दर्शाता है और अब यह पार्टी ‘‘माफिया गैंग’’ जैसी लगती है। भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष की “अभद्र और अपमानजनक” टिप्पणियों के खिलाफ सोमवार को देशव्यापी विरोध प्रदर्शन की घोषणा की। बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर पटना में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद एक व्यक्ति की टिप्पणी ‘‘प्रधानमंत्री कहीं नहीं जाएंगे’’ के जवाब में ‘‘मोदी का बाप भी जाएगा’’ कहकर कांग्रेस अध्यक्ष खरगे विवादों में घिर गए।
यह राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक माफिया गैंग अधिक प्रतीत होती है।’’ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि खरगे ने आज ‘‘पटना में मोदी जी के पिताजी के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं।’’ शाह ने कहा, ‘‘यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी या उनके परिवार को अपशब्द कहे हों। कभी उनकी पूजनीय माताजी के विषय में अपशब्द कहे, कभी उन्हें ‘मौत का सौदागर’ कहा, तो कभी ‘चायवाला’ कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएं पार करती जा रही है। बीते 12 वर्षों में लगातार मिल रही चुनावी हार से कांग्रेस पार्टी में हताशा एवं निराशा इतनी बढ़ चुकी है कि अब उसके पास न कोई नीति बची है, न कोई मुद्दा, बस गाली-गलौज की राजनीति बची है।’’ शाह ने ‘एक्स’ पर कहा कि जनता के बीच जनाधार खो चुकी कांग्रेस, अब अपने कार्यकर्ताओं में भी आधार खोती जा रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘जब-जब उन्होंने मोदी या उनके परिवार पर घृणित टिप्पणियां की हैं, तब-तब जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है।’’ भाजपा प्रमुख नवीन ने कहा कि जब विपक्ष के पास देश के विकास, नीति और जनकल्याणकारी योजनाओं पर बहस करने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचता, तो वे ‘‘इसी प्रकार की हताशा और व्यक्तिगत आक्षेपों का सहारा लेते हैं।’’ केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा ने खरगे की टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा कि बार-बार चुनावी हार से निराश कांग्रेस प्रधानमंत्री मोदी और उनके परिवार के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करके अपनी ‘‘राजनीतिक खुन्नस’’ निकाल रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दिवंगत पिता के प्रति खरगे द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी की जितनी कड़ी निंदा की जाए, उतनी कम है। नड्डा ने कहा, ‘‘लगातार चुनावी हार से हताश कांग्रेस अपनी राजनीतिक खुन्नस प्रधानमंत्री मोदी और उनके परिवार पर अनर्गल टिप्पणियों के माध्यम से निकाल रही है।
देश और दुनिया में मोदी की बढ़ती लोकप्रियता और जनता के अटूट विश्वास से उपजी विपक्ष की बौखलाहट अब उसकी भाषा और व्यवहार में स्पष्ट दिखाई दे रही है।’’ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति का स्तर लगातार गिरता जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘वैचारिक विरोध को व्यक्तिगत अपमान में बदलना, राजनीतिक मतभेद को गाली-गलौज तक ले जाना और प्रधानमंत्री के परिवार को निशाना बनाना कांग्रेस की हताशा और वैचारिक शून्यता को दर्शाता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह सिर्फ किसी एक व्यक्ति या परिवार का अपमान नहीं है, बल्कि भारतीय राजनीति की गरिमा पर भी हमला है।’’ भाजपा सांसद एवं प्रवक्ता संबित पात्रा ने खरगे की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने राहुल गांधी के कहने पर प्रधानमंत्री के खिलाफ ऐसी अपमानजनक टिप्पणियां की हैं। उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘आज कांग्रेस पार्टी ‘सत्ता परिवर्तन’ की हताशा से भरी हुई है।
वे अच्छी तरह जानते हैं कि अराजक तरीकों से सत्ता बदलने की उनकी बार-बार की कोशिशें नाकाम रही हैं। आज उनकी यह हताशा साफ दिखाई दी।’’ भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ खरगे की टिप्पणियों को ‘‘शर्मनाक और अमर्यादित’’ बताते हुए सोनिया गांधी और राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की। प्रसाद ने पत्रकारों से कहा, ‘‘हम इसकी (खरगे की टिप्पणी की) कड़ी निंदा करते हैं।
देश की जनता यह सब देख रही है और हाल के उपचुनावों तथा नगर निकाय चुनावों में जैसा देखा गया, वह इसका करारा जवाब देगी। कांग्रेस पार्टी का हर जगह से सफाया हो जायेगा।’’