Cambridge में भाषण के दौरान Rahul Gandhi ने भारत के लोकतंत्र पर उठाये सवाल, BJP से मिला तगड़ा जवाब

By नीरज कुमार दुबे | Mar 03, 2023

विदेशी धरती से राहुल गांधी ने एक बार फिर भारत सरकार और यहां के संवैधानिक संस्थानों पर जोरदार निशाना साधा है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकतंत्र को खत्म कर रहे हैं। उनके इस बयान पर भाजपा ने तगड़ा पलटवार भी कर दिया है। हम आपको बता दें कि राहुल गांधी अक्सर विदेश में दिये जाने वाले संबोधनों में अपने निशाने पर सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रखते हैं। इसलिए यह परम्परा उन्होंने इस बार भी जारी रखी। राहुल गांधी ने मशहूर कैंब्रिज विश्वविद्यालय में दिए व्याख्यान के दौरान दावा किया कि उनके और कई अन्य विपक्षी नेताओं के फोन में पेगासस स्पाइवेयर था और गुप्तचर अधिकारियों ने खुद उन्हें फोन करके बताया था कि बातचीत करते हुए वह सावधान रहें क्योंकि उनकी बातों को रिकॉर्ड किया जा रहा है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आरोप भी लगाया कि भारत में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को नष्ट कर रहे हैं। हम आपको बता दें कि ‘‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस’’ के प्रमुख सैम पित्रोदा ने राहुल गांधी के व्याख्यान का वीडियो अपने यूट्यूब चैनल पर जारी किया है। राहुल गांधी ने इस व्याख्यान में अपनी ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ और चीन के संदर्भ में विस्तार से बातचीत की है।

राहुल गांधी ने प्रतिष्ठित कैंब्रिज विश्वविद्यालय में अपने भाषण को ‘‘सुनने की कला’’ पर केंद्रित किया तथा लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं के लिए नई सोच का आह्वान किया। हम आपको बता दें कि राहुल गांधी ‘कैंब्रिज जज बिजनेस स्कूल’ (कैंब्रिज जेबीएस) में विजिटिंग फेलो हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय में ‘‘21वीं सदी में सुनना सीखना’’ विषय पर व्याख्यान देते हुए कहा, ‘‘हम एक ऐसी दुनिया की कल्पना नहीं कर सकते जहां लोकतांत्रिक व्यवस्थाएं नहीं हों।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए, हमें इस बारे में नई सोच की जरूरत है कि आप बलपूर्वक माहौल बनाने की बजाय किस तरह लोकतांत्रिक माहौल बनाते हैं।’’

दूसरी ओर, राहुल गांधी के इस संबोधन पर केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक बार फिर विदेशी धरती पर होहल्ला मचाने का काम कर रहे हैं और पेगासस उनके फोन में नहीं दिमाग में है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस और उनके नेता केवल विदेशी धरती पर देश का नाम बदनाम करने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के चुनावी नतीजे बताते हैं कि कांग्रेस का एक बार फिर सफाया हो गया है। उन्होंने कहा कि विदेशी धरती से देश को बदनाम करने की कोशिश से सवाल उठता है कि कांग्रेस का एजेंडा क्या है? केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि पेगासस पर राहुल गांधी की क्या मजबूरी थी कि उन्होंने अपना फोन जमा नहीं करवाया। उन्होंने और अन्य नेताओं ने अपना फोन क्यों नहीं जमा करवाया।

वहीं इस मुद्दे पर केंद्रीय आईटी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि राहुल गांधी की बातों का क्या कहना....उनकी सुई कहीं एक जगह अटक गई है, उनको थोड़ा-सा आगे बढ़ने की जरूरत है। उन्होंने राहुल गांधी के आरोप को पूरी तरह खारिज कर दिया।

प्रमुख खबरें

England-West Indies Test Series: Pakistan ने किया टीम का ऐलान, Babar Azam के हाथ में फिर कमान

Sachin Tendulkar का 35 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त, 15 की उम्र में Team India के लिए Vaibhav Suryavanshi ने रचा इतिहास।

World Cup में Harry Kane की टीम लेगी दवा का सहारा! Mexico की ऊंचाई से निपटने का England का Master Plan।

World Cup: आंकड़ों में ब्राजील है प्रबल दावेदार, लेकिन क्या Haaland का मैजिक करेगा कमाल?