धामनगर उपचुनाव में सहानुभूति की लहर के बूते भाजपा ने बीजद की जीत का सिलसिला तोड़ा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 07, 2022

ओडिशा की धामनगर सीट पर हुए उपचुनाव में अपने उम्मीदवार के पक्ष में चली सहानुभूति की लहर और बागियों के कारण बीजू जनता दल (बीजद) के मतदाताओं में बंटवारे के बूते भाजपा ने रविवार को जीत दर्ज कर उपचुनावों में बीजद की विजय के सिलसिले को तोड़ दिया। भाजपा ने पार्टी के दिवंगत विधायक बिष्णु चरण सेठी के बेटे सूर्यवंशी सूरज को इस सीट से मैदान में उतारा था। सूरज ने सत्ताधारी बीजद की उम्मीदवार अंबाती दास को 9,881 के अंतर से हराया।

ओडिशा में लगातार पांच बार से बीजद की सरकार है। बीजद अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि यह चुनाव प्रत्याशित था। भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि यह परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के प्रति लोगों के विश्वास को दर्शाता है। भाजपा ने वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर 4625 मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी, लेकिन इस बार जीत का अंतर और बढ़ गया है।

इसी तरह मत प्रतिशत भी वर्ष 2019 के 47.47 के मुकाबले बढ़कर 49.1 हो गया है। सत्ताधारी दल ने वर्ष 2019 में इस सीट से बीजद उम्मीदवार रहे राजेंद्र दास को भद्रक जिले की इस सीट से टिकट नहीं दिया था, जिसके कारण इसको मिले मत प्रतिशत में गिरावट आई है। इसका मत प्रतिशत 45.67 फीसदी से घटकर 43.1 फीसदी रह गया है। राजेंद्र दास इस बार निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में थे और उन्हें 8153 वोट मिले। एक अन्य निर्दलीय उम्मीदवार पबित्र मोहन दास को 497 वोट मिले, जबकि 650 मतदाताओं ने ‘नोटा’ (उपरोक्त में से कोई नहीं)के पक्ष में मतदान किया।

प्रमुख खबरें

Elon Musk ने BJP को Reliance समर्थित कंपनियों के चंदे से जुड़ी खबरें साझा कीं

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन, Delhi में कड़ी सुरक्षा और रूट डायवर्जन लागू

Connaught Place Market शनिवार को बंद रहेगा, NDTA ने विरोध प्रदर्शन से नुकसान की जताई आशंका

भंगेल प्राथमिक चिकित्सालय से नवजात चोरी, Noida Police ने आरोपी महिला की तलाश में बनाई 3 टीमें