राहुल गांधी के आरोपों पर बीजेपी का पलटवार, संबित पात्रा बोले- पीएम मोदी की विश्वसनीयता पर नहीं पड़ेगा असर

By अंकित सिंह | Nov 21, 2024

कांग्रेस नेता द्वारा गौतम अडानी और सेबी अध्यक्ष माधबी पुरी बुच के खिलाफ आरोपों की जांच की मांग करने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने गुरुवार को राहुल गांधी पर पलटवार किया। पात्रा ने गांधी के बयानों को खारिज कर दिया और दावा किया कि वे भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ निराधार आरोप लगाने की पिछली रणनीति की पुनरावृत्ति हैं। दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पात्रा ने कहा कि आज एक बार फिर राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। एक बार फिर उन्होंने वही व्यवहार दिखाया और चीज़ों को उसी तरह रखा है जैसे वो करते आए हैं। पीसी पर कुछ भी नया नहीं था।

भाजपा नेता ने कहा कि यह मामला जुलाई 2021 से फरवरी 2022 के बीच का है। उस समय छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार सत्ता में थी। आंध्र प्रदेश में उस समय वाईएसआरसीपी सरकार थी। तमिलनाडु में, यह DMK सरकार थी - आपके सहयोगी स्टालिन की। ओडिशा में बीजेडी की सरकार थी। तो, दस्तावेज़ में जिन 4 राज्यों का नाम दिया गया है, उनमें न तो हमारे मुख्यमंत्री थे और न ही हमारे द्वारा समर्थित सरकार थी। इन सभी में कांग्रेस और उसके सहयोगियों की सरकारें थीं। 

संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी ने कहा कि अगर उनके किसी पूर्व मंत्री या नेता से पूछताछ की जाती है तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। राहुल गांधी, पीएम मोदी की विश्वसनीयता को कम करने का यह आपका पहला प्रयास नहीं है। आपकी मां, पार्टी और आप 2002 से यह प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार और कांग्रेस परिवार ये सहन नहीं कर पा रहा है कि भारत लगातार दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है। इसलिए ये (गांधी परिवार और कांग्रेस परिवार) भारत की मार्केट पर आक्रमण पर आक्रमण कर रहे हैं। आज सुबह चार बजे से इनका पूरा स्ट्रक्चर भारत की शेयर मार्केट को गिराने में लगा हुआ है। करीब 2.5 करोड़ छोटे निवेशकों को इसका नुकसान हुआ है।

इसे भी पढ़ें: ब्लड टेस्ट, OPD चार्ज भी महंगा..वेस्ट मैनजमेंट के लिए चुकाना होगा 5 गुना चार्ज, कांग्रेस शासित इस राज्य के सरकारी अस्पतालों में मरीजों पर बढ़ा बोझ

उन्होंने कहा कि राहुल जी ने आज बार बार कहा कि मोदी जी की साख समाप्त हो चुकी है। मोदी जी अडानी के पीछे खड़े हैं, इसलिए उनकी साख ग्लोबल स्तर पर समाप्त हो चुकी है। राहुल जी, मोदी जी की साख समाप्त करने की चेष्ठा और कोशिश कोई आप पहली बार नहीं कर रहे हैं। 2002 से मोदी जी की साख को समाप्त करने की कोशिश आप, आपकी माताश्री और आपकी पार्टी लगातार कर रही है।

प्रमुख खबरें

Assembly Bypolls Results | बिहार की बांकीपुर, MP की दतिया और गुजरात की मंज़लपुर सीट पर वोटों की गिनती शुरू, बीजेपी-कांग्रेस में कड़ा मुकाबला

Jammu and Kashmir | बारामूला और पुलवामा में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, हथियार और गोला-बारूद के साथ आतंकियों के 2 मददगार गिरफ्तार

Ahmedabad 2030 | अलविदा ग्लास्गो, अहमदाबाद में फिर मिलेंगे... वसुधैव कुटुम्बकम के संग भारत में सजेगा राष्ट्रमंडल खेलों का महाकुंभ!

‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ दिल्ली में 1.45 लाख से अधिक महिलाओं ने कराया पंजीकरण