Karnataka में BJP ने झोंकी पूरी ताकत, राजनाथ-निर्मला-योगी-शिवराज ने धुआंधार प्रचार कर बांधा समां

By गौतम मोरारका | Apr 26, 2023

कर्नाटक विधानसभा चुनावों के लिए चुनाव प्रचार आज तब बेहद गर्मा गया जब भाजपा ने एक साथ अपने कई बड़े नेताओं को चुनाव प्रचार में उतार दिया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आदि ने जहां भाजपा के पक्ष में प्रचार कर समां बांध दिया वहीं कांग्रेस की ओर से प्रचार की कमान मुख्य रूप से पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने संभाली। भाजपा की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा पिछले काफी समय से यहां चुनाव प्रचार कर ही रहे हैं साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी दो दर्जन से ज्यादा रैलियां और रोड शो इस चुनावी राज्य में होने वाले हैं। इसके अलावा फिल्म अभिनेता किच्चा सुदीप भी लगातार भाजपा के लिए रोड शो कर मतदाताओं को आकर्षित कर रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: Karnataka: अमित शाह के खिलाफ चुनाव आयोग का रुख करेगी कांग्रेस, जानें क्या है पूरा मामला

दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा चुनाव से पहले कर्नाटक के मांड्या जिले में रोड शो किया। उसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एक ओर डबल इंजन की सरकार PFI को बैन करती है और दूसरी ओर कांग्रेस तुष्टिकरण का काम करती है, उन्हें धर्म के आधार पर आरक्षण देने का काम करती है। उन्होंने कहा कि धर्म के आधार पर आरक्षण भारत के संविधान के विपरीत है, असंवैधानिक है।

वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कर्नाटक के बेलगावी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार में आज कर्नाटक भारत के विकास का इंजन बना है। भाजपा की सरकार आए तो PFI पर प्रतिबंध लग जाए लेकिन सिद्धारमैया मुख्यमंत्री बने तो PFI वालों को छोड़ने का पाप करें। उन्होंने कहा कि ये आतंकवाद और आतंकवादियों का साथ देने का काम करते हैं।

दूसरी ओर, श्रृंगेरी में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि जब इंदिरा गांधी का सबसे मुश्किल संघर्ष का समय था तो यहां की जनता उनके साथ खड़ी रही। उनके खिलाफ भी एक केस लगाया गया और उनको भी संसद से निकाला गया, आप उन्हें संसद में वापस लाए। उन्होंने कहा कि आज उनके पोते राहुल गांधी पर उसी तरह से फर्जी केस डालकर संसद से निकाल दिया गया है और राहुल गांधी को पूरा विश्वास है कि इस देश की जनता हमारे साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि हम सच्चाई के लिए संघर्ष कर रहे हैं। हम आपको बता दें कि चुनावी सभा से पहले प्रियंका गांधी ने श्रृंगेरी शारदा पीठ में दर्शन किए। वह मैसुरु की मशहूर डोसे की दुकान ‘मायलारी होटल’ भी गईं जहां उन्होंने डोसा बनाने में अपना हाथ आजमाया।

प्रियंका गांधी ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने कर्नाटक में चुनावी वादे नहीं किए हैं, बल्कि गारंटी दी है तथा सरकार बनने के बाद इस पर अमल शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस की चुनावी ‘गारंटी’ का उल्लेख भी किया। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस द्वारा घोषित चुनावी ‘गारंटी’ में कहा गया है कि ‘गृह ज्योति’ के तहत हर महीने 200 यूनिट मुफ्त बिजली, ‘गृह लक्ष्मी’ योजना के तहत परिवार की प्रत्येक प्रमुख महिला को 2,000 रुपये प्रति माह, ‘अन्न भाग्य’ के तहत बीपीएल परिवार के प्रत्येक सदस्य को हर महीने 10 किलोग्राम चावल की पेशकश की जाएगी। इसके अलावा ‘युवा निधि’ के तहत बेरोजगार स्नातकों को प्रति माह 3,000 रुपये तथा डिप्लोमा धारकों को दो साल के लिए 1,500 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे।

प्रमुख खबरें

Punjab Congress अध्यक्ष पद से हटेंगे Amarinder Singh Raja Warring, इस्तीफे की पेशकश की

Cristiano Ronaldo ने Coach Jorge Jesus से विवाद के बीच Portugal का Nations League कैंप छोड़ा

Congress में लौटें Mamata Banerjee, बंगाल में नेतृत्व स्वीकार करने को तैयार: Adhir Ranjan Chowdhury

England ODI Squad में Adil Rashid और Sam Curran की वापसी, Jofra Archer को आराम