BJP महंगाई, बेरोजगारी जैसे प्रमुख मुद्दों का समाधान करने में विफल रही : Hooda

By Prabhasakshi News Desk | Jun 04, 2024

चंडीगढ़ । हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मंगलवार को कहा कि किसानों की समस्याएं, अग्निपथ, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और महंगाई ऐसे प्रमुख मुद्दे हैं, जिनका समाधान करने में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विफल रही है। हरियाणा में कांग्रेस द्वारा पांच लोकसभा सीट जीतने की संभावना के बीच हुड्डा ने कहा कि वह कहते रहे हैं कि ‘‘कांग्रेस के पक्ष में लहर चल रही है।’’ कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘आपने मुझसे ‘एग्जिट पोल’ में भाजपा को ज्यादातर सीट मिलने के अनुमान के बारे में पूछा था, जिस पर मैंने कहा था कि चार जून को आने वाले चुनाव नतीजों का इंतजार कीजिए। हरियाणा ‘‘जय जवान, जय किसान, जय पहलवान’’ के लिए जाना जाता है।’’ 

हुड्डा ने दावा किया, ‘‘यह स्पष्ट संकेत है कि हरियाणा की जनता ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सत्ता में लाने का मन बना लिया है।’’ लोकसभा चुनावों का जिक्र करते हुए हुड्डा ने कहा कि लोगों ने कांग्रेस को समर्थन दिया है। कांग्रेस नेता ने अपने हालिया बयान को दोहराते हुए कहा कि भाजपा ‘‘दक्षिण में खत्म हो जाएगी और उत्तर में आधी रह जाएगी’’। उन्होंने कहा, ‘‘हरियाणा और राजस्थान को देखिए...लोगों ने हमें अच्छा समर्थन दिया है।’’ भाजपा के इस दावे पर कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) इस बार 400 सीट जीतेगा, हुड्डा ने कहा, ‘‘मैं कहता रहा हूं कि यह केवल एक नारा था। हरियाणा में भी, 2019 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ‘अबकी बार 75 पार’ का नारा दिया था। 

हर कोई जानता है कि बाद में उन्होंने कितनी सीट जीतीं। (भाजपा ने 40 सीट जीती थीं)।’’ हुड्डा ने कहा, ‘‘मैं बार-बार कह रहा था कि यह कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला होगा। और यह साबित हो गया है।’’ उन्होंने जननायक जनता पार्टी (जजपा) और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘लोगों ने ‘वोट कटवा’ संगठनों को खारिज कर दिया है।’’ देर दोपहर तक आए रुझानों के अनुसार कांग्रेस अंबाला, हिसार, रोहतक, सिरसा और सोनीपत सीट जीतती नजर आ रही है। कांग्रेस ने दस लोकसभा सीट में से नौ पर चुनाव लड़ा था और कुरुक्षेत्र सीट ‘इंडिया’ गठबंधन के अपने सहयोगी आम आदमी पार्टी (आप) के लिए छोड़ दी थी। ‘आप’ के सुशील गुप्ता इस सीट पर भाजपा के उम्मीदवार नवीन जिंदल से पीछे हैं।

प्रमुख खबरें

Arvind Kejriwal का बड़ा आरोप: NEET पेपर लीक के पीछे शिक्षा माफिया का हाथ, सरकार नाकाम!

Health Alert: शरीर पर नीले निशान सिर्फ चोट नहीं, Cyanosis जैसी गंभीर बीमारी का संकेत!

Rahul Gandhi का PM Modi पर तीखा तंज: विश्वगुरु हैं, लेकिन एक भी परीक्षा ठीक से नहीं करा सकते!

SkinCoffee with Ghazal Season 2 अगले सप्ताह होगा लॉन्च, सेलिब्रिटीज़, वेलनेस एक्सपर्ट्स और दिल को छू लेने वाली बातचीत होगी खास आकर्षण