भाजपा ने पूर्वी दिल्ली से गौतम गंभीर, नयी दिल्ली से मीनाक्षी लेखी को उतारा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 23, 2019

नयी दिल्ली। भाजपा ने पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर को पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से और मौजूदा सांसद मीनाक्षी लेखी को नयी दिल्ली सीट से उतारने की सोमवार को घोषणा की। पार्टी ने दिल्ली की सात सीटों में से अब तक छह पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। गंभीर को महेश गिरि की जगह खड़ा किया गया है और उनका मुकाबला कांग्रेस के अरविंदर सिंह लवली तथा आम आदमी पार्टी की आतिशी से होगा। पूर्वी दिल्ली के मौजूदा सांसद गिरि ने गंभीर को टिकट मिलने की बधाई दी। उन्होंने चुनाव के लिये शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह गंभीर की नामांकन रैली में शामिल होंगे। लेखी का मुकाबला आप के ब्रजेश गोयल और कांग्रेस के अजय माकन से है। हालांकि उत्तर पश्चिम सीट से भाजपा के उम्मीदवार के नाम पर संशय बरकरार है। 

आरक्षित उत्तर पश्चिम सीट के मौजूदा सांसद उदित राज ने टिकट नहीं मिलने के संकेत देते हुए सोमवार को पार्टी को जल्दी स्थिति स्पष्ट करने को कहा। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि वह भाजपा की आधिकारिक घोषणा तक इंतजार करेंगे और उसके बाद आगे के कदम की घोषणा करेंगे। इससे पहले रविवार को भाजपा ने दिल्ली की चार सीटों पर अपने मौजूदा सांसदों को प्रत्याशी घोषित किया था। इनमें चांदनी चौक से हर्षवर्धन, उत्तर पूर्व दिल्ली से मनोज तिवारी, पश्चिम दिल्ली से प्रवेश वर्मा और दक्षिण दिल्ली से रमेश बिधूड़ी हैं। पार्टी ने अभी उत्तर पश्चिम दिल्ली से अपने उम्मीदवार का नाम घोषित नहीं किया है। पिछले चुनाव में भाजपा ने दिल्ली की सभी सातों सीटों पर जीत हासिल की थी।

प्रमुख खबरें

SEBI Order के खिलाफ SAT पहुंचे Zee Entertainment और Punit Goenka, बुधवार को होगी अहम सुनवाई

Lionel Messi को चैंपियन बनाने वाले पिता Jorge Messi का निधन, दिग्गज Rafael Nadal ने जताया गहरा शोक

Aston Villa छोड़ PSG लौटे Lucas Digne, 11 साल बाद फिर पहनेंगे पेरिस की जर्सी, 2029 तक हुआ Deal साइन

5 साल के फतेह ने Thailand में रचा इतिहास, Gatka on Skates में जीता World Martial Arts Games Gold Medal