उत्तर प्रदेश में ‘73 प्लस’ का सपना देखना भूल जाए भाजपा: अखिलेश यादव

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 13, 2018

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लोकसभा चुनाव में राज्य की 80 में से ‘73 से ज्यादा’ सीटें जीतने के भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के दावे पर तंज कसते हुए आज कहा कि महागठबंधन की तैयारी मात्र से घबराये भगवा दल को यह मंसूबा भूल जाना चाहिये। अखिलेश ने मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप वितरण के मौके पर संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि समाजवादी लोग लोकसभा चुनाव के लिये तैयार हैं और वह अपनी रणनीति अभी नहीं बताएंगे।

 

उन्होंने भाजपा को नसीहत देते हुए कहा वे कहते हैं कि 73 से ज्यादा सीटें जीतेंगे लेकिन उन्हें यह भूल जाना चाहिए और बात 70 प्लस की करनी चाहिए क्योंकि उपचुनाव में तीन सीटें तो वह हार ही चुके हैं। महागठबंधन के बारे में पूछे जाने पर अखिलेश ने कहा ‘‘इस महागठबंधन के बारे में मीडिया में चर्चाएं जोरों पर है तो महागठबंधन होना लगभग तय है। जहां तक यूपी की बात है, तो गठबंधन यहां भी होगा। जो भाजपा ने बनाया था, वही हमने चोरी कर लिया और अब वही हम उस पर आजमा रहे हैं।’’

 

गौरतलब है कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने हाल में चंदौली में आयोजित रैली में कहा था कि भाजपा अगले लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की 80 में से 73 से भी ज्यादा सीटें जीतेगी। यह आंकड़ा 73 से कम कतई नहीं होगा। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा और उसके सहयोगी अपना दल को कुल 73 सीटें मिली थीं। पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश के लोगों ने देख लिया है कि भाजपा ने उन्हें कैसे धोखा दिया, राजनीतिक लाभ के लिये कैसे जातियों में उलझा दिया गया, कैसे धर्म के नाम पर नफरत फैलायी गयी। 

 

यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव नजदीक आने पर भाजपा नोटबंदी जैसी पुरानी बातें भूलकर रक्षा गलियारे जैसी नयी बातें कर रही है। आज जब आम सड़कें नहीं बन पा रही हैं और पुलों के लिये अनुमति नहीं मिल रही है तो आखिर यह गलियारा कब और कैसे बनेगा।

 

सपा अध्यक्ष ने कहा कि वह मेधावी छात्रों को लैपटॉप देकर प्रदेश की भाजपा सरकार को उसका वह वादा याद दिलाना चाहते हैं, जो उसने अपने चुनाव घोषणापत्र में किया था। हम जो लैपटॉप दे रहे हैं, यह कोई राजनीतिक स्टंट नहीं है। आज लैपटॉप हर बच्चे की जरूरत है, इसीलिये सपा सरकार ने अपने शासनकाल में लैपटॉप बांटा था। 

प्रमुख खबरें

Bihar: पुलिस हिरासत में मौत को लेकर थाने में आगजनी के आरोप में 19 गिरफ्तार

Gaza में संघर्ष पर नयी योजना पर कार्य नहीं किया गया तो पद छोड़ दूंगा : गैंट्ज

कठुआ में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास संदिग्ध गतिविधि के बाद तलाश अभियान प्रारंभ

RCB vs CSK IPL 2024: आरसीबी ने चेन्नई सुपर किंग्स का सपना तोड़ा, बेंगलुरु ने 9वीं बार प्लेऑफ के लिए किया क्वालीफाई