Bansuri Swaraj पर Loksabha Elections से पहले BJP ने चला बड़ा दांव, दिल्ली में दी अहम जिम्मेदारी

By रितिका कमठान | Aug 02, 2023

नई दिल्ली। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सचदेवा ने एक अगस्त को दिल्ली इकाई के पदाधिकारियों की नई टीम की मंगलवार को घोषणा की है। इस घोषणा में 14 नए जिला अध्यक्षों के नाम बताए गए है, जिसमें कई बड़े नामों को जगह मिली है। दिल्ली बीजेपी की की ओर से जारी इस लिस्ट में दिवंगत नेता और पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज सहित कई नए चेहरों को शामिल किया गया है।

पार्टी ने हर्ष मल्होत्रा, योगेंद्र चंदोलिया और कमलजीत सहरावत को दिल्ली इकाई के नए महासचिव के रूप में नियुक्त किया है। भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने नई टीम की घोषणा की, जिसमें कई महिला पदाधिकारी भी शामिल हैं। आठ सचिवों में बांसुरी स्वराज, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री मदन लाल खुराना के बेटे हरीश खुराना और इम्प्रीत सिंह बक्शी शामिल हैं। 

बांसुरी स्वराज को मिली बड़ी जिम्मेदारी
बांसुरी स्वराज ने हाल ही में अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। बांसुरी को दिल्ली की भाजपा इकाई के कानूनी प्रकोष्ठ के सह-संयोजक के रूप में नियुक्त किया गया था। बांसुरी स्वराज पर भाजपा ने भरोसा जताते हुए उन्हें ये जिम्मेदारी तब दी है जब लोकसभा चुनाव में कुछ ही महीने शेष रह गए है। लंबे समय से चर्चा थी की बांसुरी स्वराज को पार्टी में अहम जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है, जिसकी शुरुआत पार्टी ने अब कर दी है।

आपको बता दें कि दिवंगत विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज हैं। वर्तमान में बांसुरी स्वराज सुप्रीम कोर्ट में वकालत करती हैं। बांसुरी ने वर्ष 2007 में बॉर काउंसिल ऑफ इंडिया में दाखिला लिया था। इससे पहले वो 16 वर्षों तक कानूनी पेशे में भी काम करती रही है। वकालत के साथ बांसुरी ने इंग्लिश लिट्रेचर में बीए ऑनर्स की डिग्री भी हासिल की है। वहीं अब देखना होगा कि सुषमा स्वराज की तरह बांसुरी कहां तक पार्टी के लिए आवाज उठा पाती है। आने वाले दिनों में बांसुरी स्वराज बीजेपी के लिए सियासी मोर्चे पर कितने हितकारी साबित होंगी ये भी देखना होगा। बता दें कि सचिव बनाए जाने के बाद बांसुरी संगठनात्मक कार्यों में हिस्सा लेंगी। हालांकि अब तक ये सामने नहीं आया है कि लोकसभा चुनावों में बांसुरी को चुनाव मैदान पर उतारा जाएगा या नहीं। आने वाले समय में इस संबंध में केंद्रीय नेतृत्व फैसला करेगा।

इन्हें भी मिली जगह
नवनियुक्त आठ उपाध्यक्षों में विष्णु मित्तल, दिनेश प्रताप सिंह, पूर्व महापौर लता गुप्ता और पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष योगिता सिंह शामिल हैं। सतीश गर्ग को पार्टी का नया कोषाध्यक्ष बनाया गया है। लक्ष्मी नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक अभय वर्मा को भाजपा की दिल्ली इकाई के मुख्य प्रवक्ता के पद पर बरकरार रखा गया है। वहीं, प्रवीण शंकर कपूर को मीडिया विभाग के प्रमुख की जिम्मेदारी दी गई है। विक्रम मित्तल मीडिया संबंध से जुड़े मुद्दों को देखेंगे। भाजपा की दिल्ली इकाई के नवनियुक्त 11 प्रवक्ताओं में शिखा राय, वीरेंद्र बब्बर, विक्रम बिधूड़ी, शुभेंदु शेखर अवस्थी, अजय सहरावत और प्रीति अग्रवाल शामिल हैं। शिखा राय को प्रवक्ता बनाया गया है। रिचा पांडेय मिश्रा दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष होंगी। पार्टी की युवा नेता निकहत अब्बास को युवा मोर्चा की महासचिव बनाया गया है। भाजपा की दिल्ली इकाई के पूर्व अध्यक्ष मनोज तिवारी ने नई टीम को युवा और ऊर्जावान नेताओं का मिश्रण करार दिया है।

कई महिलाओं को मिला मौका
इस टीम में कई महिलाओं को भी मौका दिया गया है। बांसुरी स्वराज के अलावा पूर्व महापौर कमलजीत सहरावत, पूर्व महापौर लता गुप्ता, पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष योगिता सिंह, शिखा राय, प्रीति अग्रवाल, रिचा पांडेय मिश्रा, युवा नेता निकहत अब्बास को भी टीम का हिस्सा बनाया गया है। पार्टी में महिला नेताओं को मिली जिम्मेदारी दिखाती है कि महिला सशक्तिकरण के प्रति पार्टी पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

All the updates here:

प्रमुख खबरें

Mahashivratri पर ये Astro Upay बदल देंगे आपकी किस्मत, राशि अनुसार चढ़ाएं ये खास चीजें

Sarojini Naidu Birth Anniversary: देश की पहली महिला Governor थीं सरोजिनी नायडू, साड़ी फाड़कर बनाया था तिरंगा

Border 2 ने Box Office पर मचाया गदर, 300 करोड़ की कमाई पर Sunny Deol ने दिया बड़ा बयान

शेख हसीना के सबसे बड़े दुश्मन की जीत पर PM मोदी ने ऐसा क्या पोस्ट किया, BNP ने तुरंत रिप्लाई दिया