By अंकित सिंह | May 13, 2023
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जबरदस्त जीत हुई है। भाजपा के लिए कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे एक बड़ा झटका है। कांग्रेस कार्यकर्ता तो जीत के जश्न में डूबे हुए हैं। राहुल गांधी ने इसे मोहब्बत की जीत बताया है। इन सब के बीच केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर ने एक सवाल पूछा है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि राहुल गांधी को बताना चाहिए कि वह लोकतंत्र और ईवीएम के बारे में क्या सोचते हैं। अपने बयान में राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि हम इस परिणाम को स्वीकार करते हैं। हम एक रचनात्मक विपक्ष के रूप में कर्नाटक के लोगों के लिए काम करना जारी रखेंगे...राहुल गांधी ने विदेशों में कहा कि भारत में लोकतंत्र नहीं है।
कर्नाटक में जीत के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि सबसे पहले मैं कर्नाटक के हमारे कार्यकर्ताओं को, हमारे नेताओं को बधाई देता हूं। कांग्रेस पार्टी कर्नाटक में गरीबों के साथ खड़ी हुई। हमने प्यार से ये लड़ाई लड़ी। कर्नाटक ने दिखाया कि इस देश को मोहब्बत अच्छी लगती है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में नफ़रत का बाजार बंद हुआ है, मोहब्बत की दुकान खुली है। कर्नाटक की जनता से हमने 5 वादे किए थे, हम इन वादों को पहले दिन पहली कैबिनेट में पूरा करेंगे। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि मैं कर्नाटक की जनता को बधाई देती हूं। उन्होंने पूरे देश में आज ये संदेश दिया है कि वो अपनी समस्याओं की राजनीति चाहते हैं।