Kishtwar में दो SPO की हत्या पर BJP नेता जहांजैब सिरवाल ने शगुन परिहार के बयान को बताया तथ्यहीन

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 16, 2026

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ से भाजपा नेता जहानजैब सिरवाल ने रविवार को पार्टी विधायक शगुन परिहार के उस दावे पर आपत्ति जताई, जिसमें कहा गया था कि ऊंचे पहाड़ी इलाके ‘दच्छन’ बेल्ट में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) की हत्या से पहले एक मस्जिद से घोषणाएं की गई थीं। सिरवाल ने इस आरोप को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और तथ्यहीन बताया। जामिया मस्जिद के इमाम मौलाना फारूक अहमद किचलू के नेतृत्व वाले ‘इस्लामी मरकज-ए-मजलिस शूरा किश्तवाड़’ ने परिहार द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज कर दिया है।

उन्होंने इन दावों को बेबुनियाद बताया और कहा कि इससे इस संवेदनशील जिले में शांति और सांप्रदायिक सद्भाव को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही, उन्होंने विधायक से सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की है। जम्मू संभाग के किश्तवाड़ जिले के रहने वाले एसपीओ बॉबी चंद (57) और रशपाल कुमार (45) बृहस्पतिवार सुबह दच्छन वन क्षेत्र में मृत पाए गए।

ये दोनों एक दिन पहले तब लापता हो गए थे, जब वे पास की मरवाह तहसील के बसनांद में एक सुरक्षा चौकी की ओर जा रहे थे। एसपीओ के लिए आयोजित श्रद्धांजलि समारोह के दौरान किश्तवाड़ की विधायक परिहार का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे कथित तौर पर दावा कर रही हैं कि हत्याओं से पहले एक मस्जिद से घोषणाएं की गई थीं। उन्होंने इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई में हुई देरी पर भी सवाल उठाए हैं।

विधायक ने आरोप लगाया, “इसमें शामिल लोगों को अब तक क्यों नहीं पकड़ा गया है? एक मस्जिद से घोषणाएं की गईं। कोई तो है जो यहां से जानकारी दे रहा है और खुफिया बातें लीक कर रहा है।

हमारे लोगों को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है और मारा जा रहा है।” सिरवाल ने उन दावों की निंदा की जिनमें कहा गया था कि एक मस्जिद का इस्तेमाल भड़काऊ घोषणाएं करने और उकसावे वाले नारे लगाने के लिए किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि ठोस सबूतों के बिना किसी भी मस्जिद को ऐसी गतिविधियों से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। परिहार के आरोपों को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और तथ्यों से रहित बताते हुए उन्होंने कहा, “मुस्लिम समुदाय के एक सदस्य के रूप में, मैं धार्मिक संस्थानों को ऐसी चर्चाओं में घसीटने की कोशिशों का कड़ा विरोध करता हूं, जिनसे समुदायों के बीच अविश्वास और संदेह पैदा हो सकता है।

मस्जिदें आस्था, इबादत और आध्यात्मिक मार्गदर्शन के केंद्र हैं, और उनकी पवित्रता का सम्मान किया जाना चाहिए।” भाजपा नेता ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा के हालिया बयान पर भी आपत्ति जताई, जिसमें उन्होंने एसपीओ की हत्याओं को एक विशेष समुदाय के कथित ‘जातीय सफाये’ की कोशिशों से जोड़ा था।

प्रमुख खबरें

KTR ने तेलंगाना में Congress और BJP पर साधा निशाना, केंद्रीय नेतृत्व के प्रति समर्पण पर उठाए सवाल

Black Sea में 3 वाणिज्यिक जहाजों पर Drone Attack, रोमानिया ने जताई सुरक्षा पर चिंता

Chhath Puja: दिल्ली में श्रद्धालुओं ने दिया अर्घ्य, सोमवार सुबह 4:30 बजे से चलेगी Metro

Somalia में भारत ने शुरू की FOC बैठक, समुद्री सुरक्षा और रक्षा सहयोग मजबूत करने पर सहमति