Hoarding incident : BJP नेता किरीट सोमैया का दावा, IPS अधिकारी की पत्नी की कंपनी को 46 लाख रुपये रिश्वत दी गई

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 23, 2024

मुंबई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता किरीट सोमैया ने रविवार को आरोप लगाया कि विज्ञापन कंपनी के निदेशक भावेश भिंडे ने तत्कालीन राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) आयुक्त की पत्नी की कंपनी को 46 लाख रुपये की घूस दी थी, जिन्होंने वह होर्डिंग लगाने की अनुमति दी थी जो पिछले महीने यहां गिर गया था। सोमैया ने ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट कर यह भी दावा किया कि इगो मीडिया प्राइवेट लिमिटेड (जहां भिंडे निदेशक था) ने मुंबई के घाटकोपर और दादर इलाकों में ‘‘दो दर्जन अवैध होर्डिंग’’ लगाने के लिए विभिन्न रेलवे पुलिस और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारियों को पांच करोड़ रुपये दिए थे। 

एक वरिष्ठ अधिकारी ने पहले बताया था कि जिस जमीन पर होर्डिंग लगा था उसका कब्जा राजकीय रेलवे पुलिस के पास है और तत्कालीन जीआरपी आयुक्त कैसर खालिद ने एम/एस इगो मीडिया प्राइवेट लिमिटेड को 10 साल के लिए एक पेट्रोल पम्प के पास होर्डिंग लगाने की अनुमति दी थी। होर्डिंग गिरने की घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है। सोमैया ने रविवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया, ‘‘घाटकोपर होर्डिंग त्रासदी। 

इसे भी पढ़ें: Navi Mumbai में महिला कांस्टेबल से बलात्कार के आरोप में पुलिस उपनिरीक्षक के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस की एसआईटी ने 46 लाख रुपये की घूस के सबूत और बैंक की प्रविष्टियां हासिल की। भावेश भिंडे ने मोहम्मद अरशद खान के जरिए कैसर खालिद (रेलवे पुलिस आयुक्त) को 46 लाख रुपये दिए थे। मोहम्मद अरशद खान ने यह 46 लाख रुपये महापात्रा गार्मेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के खाते में जमा कराए।’’ उन्होंने बताया कि महापात्रा गार्मेंट्स प्राइवेट लिमिटेड की स्थापना 20 जून 2022 को कैसर खालिद की पत्नी सुमन कैसर खालिद और मोहम्मद अरशद के. खान ने की थी। सोमैया ने आरोप लगाया, ‘‘इगो मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के भावेश भिंडे ने 2022/23 के दौरान इस कंपनी को 46 लाख रुपये दिए थे।’’ उन्होंने बताया कि घाटकोपर होर्डिंग हादसे के सिलसिले में अबतक पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

प्रमुख खबरें

13 गलत PIN के बाद हमेशा के लिए लॉक होगा Samsung फोन, जानिए नया सिक्योरिटी सिस्टम

Delhi to Agra Travel Guide: मानसून की फुहारों के बीच ताजमहल और Baby Taj का दीदार, एक दिन की छुट्टी के लिए परफेक्ट One-Day Trip

Best Monsoon Car Accessories: मानसून में कार को चमकदार और सुरक्षित रखने के लिए खरीदें ये जरूरी गैजेट्स

Hockey World Cup: भारत-पाकिस्तान के बीच करो या मरो का मैच, सेमीफाइनल पर निगाहें!