Kaun Banega Gujaratna Sardar: भाजपाई मुख्यमंत्रियों ने संभाली गुजरात में चुनाव प्रचार की कमान, 150 सीटों पर जीत का है लक्ष्य

By नीरज कुमार दुबे | Nov 18, 2022

नमस्कार, प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क के खास चुनावी कार्यक्रम कौन बनेगा गुजरातना सरदार में आप सभी का स्वागत है। गुजरात में विधानसभा चुनाव प्रचार में भाजपा ने अपने सभी दिग्गजों को उतारते हुए पूरा प्रचार ही भाजपामय कर दिया है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, असम तथा अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने आज जहां जमकर भाजपा के लिए प्रचार किया तो वहीं भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी श्रृंखलाबद्ध रैलियां कीं। दूसरी ओर सोशल मीडिया के सहारे भी विभिन्न दलों के उम्मीदवार जनता तक पहुँचने का प्रयास कर रहे हैं। इस बीच हार्दिक पटेल ने विश्वास जताया है कि भाजपा 150 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत वाली सरकार बनायेगी।

वहीं भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि विकास की दृष्टि से गुजरात ने देश ही नहीं दुनिया में भी अपने आप को स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि आज हम विकास की बात करते हैं तो उसका मतलब होता है 'गुजरात मॉडल'। नड्डा ने कहा कि भाजपा ने 'सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास' के मंत्र पर काम किया।

इसे भी पढ़ें: Morbi में बोले योगी, राष्ट्रगान का भी सम्मान नहीं कर सकती कांग्रेस, मोदी के गुजरात विकास मॉडल की पूरी दुनिया में पहचान

उधर, वीरगाम विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार और पाटीदार नेता हार्दिक पटेल ने विश्वास जताया है कि विधानसभा चुनावों में भाजपा 150 सीटों से ज्यादा सीटें जीतकर इतिहास रचने जा रही है। उन्होंने कहा है कि मोदी जी के विकास मॉडल को जनता पसंद कर रही है।

उधर, गुजरात में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव के प्रचार और मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए राजनीतिक दलों के हजारों कार्यकर्ता व स्वयंसेवक सोशल मीडिया मंचों का भरपूर इस्तेमाल कर रहे हैं। गुजरात की सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी के सोशल मीडिया मंच फेसबुक, यूट्यूब, ट्विटर और इंस्टाग्राम पर अपने बड़ी संख्या में ‘फॉलोअर्स’ हैं और वह इन मंचों पर जोर-शोर से प्रचार कर रही हैं, जबकि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी जमीनी स्तर पर मतदाताओं तक पहुंचने के लिए बड़े पैमाने पर व्हाट्सएप का इस्तेमाल कर रही है। भाजपा का सोशल मीडिया अभियान पिछले दो दशकों में गुजरात में पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करने पर केंद्रित है। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2001 से 2014 तक गुजरात के मुख्यमंत्री थे। भाजपा ने गुजराती गौरव के भावनात्मक मुद्दे पर जोर देते हुए हाल ही में ‘आ गुजरात में बनाव्यू छे’ (यह गुजरात मैंने बनाया है) अभियान शुरू किया।

कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने बताया कि उनकी पार्टी उस दौर की यादें ताजा करने की कोशिश कर रही है जब राज्य में उसका शासन था, राज्य के विकास के लिए उसकी सरकारों ने कितना कुछ योगदान दिया और कैसे भाजपा ने अपने 27 वर्षों के शासन में कुछ नहीं किया। वहीं ‘आप’ के एक पदाधिकारी ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा राज्य में अपने चुनाव प्रचार के दौरान किए ‘‘वादों’’ पर जोर दिया जा रहा है और मतदाताओं से जुड़ने के लिए व्हाट्सएप का भरपूर इस्तेमाल किया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें: 'कांग्रेस हमेशा देश को तोड़ने का काम करती है', गुजरात में राहुल गांधी पर जमकर बरसे भाजपा अध्य़क्ष जेपी नड्डा

भाजपा ने ‘मोदी जी के 20 स्वर्ण वर्ष’, ‘वंदे भारत’, 'मैंने यह गुजरात बनाया है’, ‘भाजपा का मतलब विश्वास’ जैसे अभियान चलाए हैं। भाजपा की गुजरात इकाई मतदाताओं तक पहुंचने के लिए 15 से अधिक एप का इस्तेमाल कर रही है। भाजपा के पास 20,000 से अधिक कार्यकर्ताओं और 60,000 से अधिक स्वयंसेवकों का एक दल है, जो उनके सोशल मीडिया अभियान संभाल रहा है।

हम आपको बता दें कि भाजपा के फेसबुक पर 35 लाख से अधिक, इंस्टाग्राम पर 57.8 लाख, ट्विटर पर 15 लाख और यूट्यूब पर 45,600 से अधिक ‘फॉलोअर्स’ हैं। वहीं कांग्रेस के फेसबुक पर सात लाख, इंस्टाग्राम पर 64.3 लाख, ट्विटर पर 1,64,000 और यूट्यूब पर 8,91,000 ‘फॉलोअर्स’ हैं। ‘आप’ के फेसबुक पर 5.67 लाख, इंस्टाग्राम पर 1.17 लाख ‘फॉलोअर्स’ हैं। ‘आप’ की राज्य इकाई का अलग से यूट्यूब पर कोई खाता नहीं है। उसके राष्ट्रीय स्तर के यूट्यूब पेज पर 42.3 लाख ‘फॉलोअर्स’ हैं।

प्रमुख खबरें

Delhi Police ने 2021 के मर्डर केस में भगोड़ा हरीश उर्फ पिलुआ पकड़ा

न्यूयॉर्क में ICE अधिकारियों की कार्रवाई, कार से टक्कर मारने वाले व्यक्ति पर चलाई गोली

Lilavati Hospital Trust वित्तीय धोखाधड़ी मामला: Mumbai Sessions Court ने FIR के आदेश को सही ठहराया

Ranchi T20: Shai Hope के नाबाद शतक से जीता West Indies, सीरीज 1-1 से बराबर