By अंकित सिंह | Feb 14, 2025
हाल ही में संपन्न चुनावों में दिल्ली विधानसभा में मुस्तफाबाद सीट जीतने वाले मोहन सिंह बिष्ट ने दोहराया कि वह मुस्तफाद का नाम बदलकर शिव पुरी या शिव विहार रखेंगे। मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि मैंने कहा था कि अगर मैं जीत गया तो मुस्तफाबाद का नाम बदलकर शिव पुरी या शिव विहार रख दूंगा। मैं ऐसा करूंगा। उन्होंने आगे कहा कि लोग मुस्तफा नाम से चिंतित हैं, इसलिए यह काम करना होगा। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि जिस क्षेत्र में हिंदू रह रहे हैं उसका नाम मुस्तफाबाद के बजाय शिव पुरी या शिव विहार क्यों नहीं रखा जा सकता?
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में मुस्तफाबाद सीट से भाजपा उम्मीदवार मोहन सिंह बिष्ट ने 17,578 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। मुस्तफाबाद में सबसे अधिक 69.01 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि महरौली में सबसे कम 53.02 प्रतिशत मतदान हुआ। मुस्तफाबाद को मुस्लिम बहुल इलाका कहा जाता है। इस निर्वाचन क्षेत्र में मुस्लिम जनसंख्या घनत्व अधिक है, जो कथित तौर पर कुल आबादी का लगभग 30% -40% है। उत्तर-पूर्वी दिल्ली में स्थित मुस्तफाबाद निर्वाचन क्षेत्र 2020 के दंगों के दौरान सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में से एक था।