BJP की नई टीम में Vasundhara Raje बनीं उपाध्यक्ष, सतीश पूनिया बने महासचिव

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 18, 2026

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों को बधाई देते हुए सोमवार को कहा कि भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा घोषित नयी टीम ‘‘अनुभव, समर्पण और संगठनात्मक कौशल का संगम’’ है। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर बरकरार रखा गया है, जबकि भाजपा की राजस्थान इकाई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य सतीश पूनिया को राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है। उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत को भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है।

राठौड़ ने कहा कि पदाधिकारियों का संगठनात्मक अनुभव देशभर के साथ-साथ राजस्थान के पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए भी लाभकारी साबित होगा। वसुंधरा राजे ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में संगठन की सेवा का एक और अवसर देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का आभार जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में नई टीम को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि सभी मिलकर विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में सफल होंगे।

भाजपा की राजस्थान इकाई के 2019 से 2023 तक प्रदेश अध्यक्ष रहे सतीश पूनिया ने कहा कि पार्टी ने उन्हें अब तक जो भी जिम्मेदारी सौंपी, उसे उन्होंने पूरी निष्ठा से निभाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि नयी भूमिका में भी संगठन की अपेक्षाओं को पूरा करने और सकारात्मक परिणाम देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करेंगे।

प्रमुख खबरें

सरकार ने ECMS के 31 नए विनिर्माण प्रस्तावों को ₹7,877 करोड़ की मंजूरी दी

Tata Power और IIT Bombay ने उन्नत स्वच्छ ऊर्जा पर मास्टर रिसर्च समझौता किया

Bain Capital ने Embassy REIT की 5.64% हिस्सेदारी 2,325 करोड़ रुपये में बेची

Afghanistan-India संबंधों से दोनों देशों को मिलेगा लाभ, दूतावास में बोले नूर अहमद नूर