भाजपा संसदीय बोर्ड तय करता है कि कौन कहां से चुनाव लड़ेगा : हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 01, 2024

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली द्वारा विधानसभा चुनाव के लिए लाडवा से उम्मीदवार के तौर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का नाम घोषित किये जाने के एक दिन बाद, उन्होंने (सैनी ने) शनिवार को कहा कि यह भाजपा का संसदीय बोर्ड तय करता है कि कौन कहां से चुनाव लड़ेगा।

मुख्यमंत्री, बड़ौली द्वारा लाडवा से उनके चुनाव लड़ने की घोषणा पर पत्रकारों के सवाल का जवाब दे रहे थे। शुक्रवार को करनाल में अपने रोड शो के दौरान सैनी से पत्रकारों ने पूछा कि करनाल से पार्टी का उम्मीदवार कौन होगा, इस पर उन्होंने जवाब दिया, मैं करनाल से भी चुनाव लड़ूंगा, आप क्यों चिंतित हैं?

यह पूछे जाने पर कि क्या वह दो सीटों से नामांकन दाखिल करेंगे, सैनी ने सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा, मैं करनाल से भी चुनाव लड़ूंगा। इस बीच, सैनी ने कांग्रेस के हरियाणा मांगे हिसाब अभियान पर फिर से निशाना साधा और उस पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया।

उन्होंने कांग्रेस से यह भी पूछा कि 2005 से 2014 के बीच जब पार्टी सत्ता में थी, तब उसने कितने वादे पूरे किए। उन्होंने दावा किया, हमने अपने वादे 100 प्रतिशत पूरे किए हैं।

सैनी ने जम्मू-कश्मीर के लोगों को भी नेशनल कॉन्फ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन के प्रति आगाह किया। उन्होंने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा सहित कांग्रेस नेताओं से सहयोगी नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) द्वारा अनुच्छेद 370 को बहाल करने के मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा।

इस बीच, निर्वाचन आयोग ने बिश्नोई समुदाय के त्योहार के मद्देनजर हरियाणा विधानसभा चुनाव एक अक्टूबर के बजाय अब पांच अक्टूबर को कराने की घोषणा की है। निर्वाचन आयोग ने कहा कि जम्मू-कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनावों की मतगणना अब चार अक्टूबर के बजाय आठ अक्टूबर को होगी।

प्रमुख खबरें

Bhagwant Mann को Delhi Airport पर 3 घंटे रोका, लगाया 50 हजार का जुर्माना: AAP

वैश्विक सुस्ती के बीच Indian Economy 7.8 प्रतिशत की दर से बढ़ रही: Rajnath Singh

Kolkata Stampede: सीएम शुभेंदु अधिकारी ने पीड़ित परिवारों को दिए 25-25 लाख रुपये

Delhi CMO की बैठकों में अनिवार्य होगी अफसरों की मौजूदगी, सरकार ने जारी किया सख्त आदेश