By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 10, 2022
इम्फाल। भारतीय जनता पार्टी की मणिपुर इकाई की अध्यक्ष ए. शारदा देवी ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य विधानसभा चुनावों में पार्टी का शानदार प्रदर्शन लोगों में उसकी स्वीकार्यता और इसके सुशासन को प्रतिबिम्बित करता है। साठ-सदस्यीय विधानसभा के लिए हुए चुनाव में अब तक प्राप्त रुझानों और भाजपा के ‘संभावित’ प्रदर्शन से प्रफुल्लित पाटी की प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी न केवल अपने दम पर सरकार बनाने के लिए जरूरी सीट हासिल करेगी, बल्कि प्रतिद्ंद्वी दलों की बड़ी हस्तियों को भी परास्त करेगी। शारदा देवी ने पीटीआई-को दिये एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘इस बार हम उन इलाकों में भी अच्छा प्रदर्शन करने में सक्षम हुए हैं, जहां हम पहले नहीं जीत सके थे।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस को इस बात का हमेशा ध्यान रखना चाहिए।’’ मणिपुर में मतगणना कड़ी सुरक्षा और कोविड-19 प्रोटोकॉल के बीच बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे शुरू हुई। वर्ष 2017 में हुए चुनावों में भाजपा ने 21 सीटें जीती थीं और कांग्रेस को 28 सीटों पर विजयश्री मिली थी, लेकिन भाजपा ने नगा पीपुल्स फ्रंट और नेशनल पीपुल्स पार्टी के चार-चार और लोक जनशक्ति पार्टी के एक विधायक के समर्थन से सरकार बनायी थी। सरकार में कुछ अन्य विधायक भी शामिल थे।