बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने अस्पताल में भर्ती कल्याण सिंह से मिलकर उनकी कुशलक्षेम पूछी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 09, 2021

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने यहां संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में भर्ती उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह से बृहस्पतिवार शाम मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी। भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नड्डा बृहस्पतिवार शाम दिल्ली से विमान के जरिए लखनऊ आए। नड्डा के साथ भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी दिल्ली से लखनऊ आए।

इसे भी पढ़ें: उत्तर भारत में गर्म हवाओं का प्रकोप जारी, 10 जुलाई तक बारिश का अनुमान

संस्थान के निदेशक प्रोफेसर आरके धीमान उनके उपचार की नियमित निगरानी कर रहे हैं। गौरतलब है कि कल्याण सिंह को चार जुलाई को शाम साढ़े पांच बजे एसजीपीजीआई के आईसीयू में भर्ती किया गया था। इसके पहले उनका डॉक्टर राम मनोहर लोहिया संस्थान में उपचार चल रहा था। नड्डा ने बाद में मीडिया से कहा, ‘‘हमारे वरिष्ठ नेता कल्‍याण सिंह से मिलने का सौभाग्य मिला। हमारी इच्छा थी कि उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लें और प्रधानमंत्री जी भी उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित है।’’ उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह से मुलाकात के बाद लगा कि उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है और वह कल की तुलना में काफी बेहतर हैं।

नड्डा ने कहा कि चिकित्सकों से बातचीत में पता चला कि उन पर दवाओं का असर हो रहा है। उन्होंने कहा, हम सबको विश्वास है कि कल्‍याण सिंह जल्द स्वस्थ हो जाएंगे। हम ईश्वर से कामना करते हैं कि उनका स्वास्थ्य जल्‍द से जल्‍द ठीक हो और वह फिर से सामाजिक जीवन में सक्रिय हों। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एसजीपीजीआई की व्यवस्था काबिले तारीफ है और यहां कल्‍याण सिंह के उपचार की जो योजना बनी है, वह बहुत ही उत्तम है। एसजीपीजीआई में कल्‍याण सिंह का हाल चाल लेने के बाद नड्डा लखनऊ के अमौसी स्थित हवाई अड्डा गये और वहां से दिल्‍ली के लिए रवाना हो गये।

प्रमुख खबरें

स्कूल मान्यता मामले में पूर्व मंत्री Anbil Mahesh के ठिकानों पर CCB की छापेमारी

उत्तर प्रदेश से 22 सितंबर से विदा हो सकता है Monsoon, IMD ने दी जानकारी

Prayagraj में पूर्व प्रधान की हत्या के मामले में मुठभेड़ के बाद 4 आरोपी गिरफ्तार

Shivraj Singh Chouhan ने किया Bihar Flood प्रभावित क्षेत्रों का दौरा, हर संभव केंद्रीय मदद का भरोसा दिया