गुजरात की रैलियों में राहुल और आजम खान पर जमकर बरसे भाजपा अध्यक्ष शाह

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 16, 2019

अहमदाबाद। भाजपा प्रमुख अमित शाह ने राफेल लड़ाकू विमान सौदे पर उच्चतम न्यायालय के फैसले को लेकर सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस झूठ बोलती है और उसे दोहराती है। उन्होंने कहा कि गांधी को राफेल सौदे पर अपने बयान के लिए शीर्ष अदालत से नोटिस मिला है। उन्होंने जूनागढ़ लोकसभा क्षेत्र से पार्टी उम्मीदवार के लिए गिर सोमनाथ के कोदिनार में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘उच्चतम न्यायालय ने प्रारंभिक तकनीकी आपत्ति पर (राफेल) मामले की सुनवाई की। उच्चतम न्यायालय ने अपना आदेश पारित किया और राहुल बाबा कहने लगे कि शीर्ष अदालत ने राफेल मुद्दे पर सरकार को फटकार लगाई थी। हकीकत में ऐसा कुछ नहीं हुआ था।’’

शाह ने कहा, ‘‘अदालत ने केवल एक प्रारंभिक आपत्ति हटाने का काम किया था। मामला अभी भी चल रहा है और पहले भी सुना गया है। लेकिन उन्होंने (गांधी) बार-बार बोलना शुरू कर दिया। भाजपा के एक सांसद ने अवमानना नोटिस दिया और आज, उच्चतम न्यायालय ने नोटिस जारी किया है और राहुल गांधी को यह बताने के लिए कहा है कि उन्होंने क्या कहा था।’’ भाजपा प्रमुख ने आरोप लगाया, ‘‘झूठ बोलना और उसे जोर से बोलना तथा उसे बार-बार कहना कांग्रेस पार्टी का स्वभाव बन गया है।’’ उन्होंने रामपुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार जयाप्रदा के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने के लिए समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान पर भी निशाना साधा। शाह ने कहा कि खान, सपा और उत्तर प्रदेश में उसकी सहयोगी बसपा को इस ‘‘घिनौने’’ बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के खिलाफ मुहिम चलाने के लिए विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। भाजपा नेता ने दावा किया, ‘‘कांग्रेस हार से डर गई है। पहले वे हार का कारण ईवीएम पर डालते थे। अब पहले चरण का चुनाव हो चुका है। उनका कहना है कि भाजपा ईवीएम के कारण जीतेगी जिससे पता चलता है कि कांग्रेस पार्टी ने हार स्वीकार कर ली है।’’ चुटकी लेते हुए शाह ने कहा कि बालाकोट हवाई हमले के बाद कांग्रेस और पाकिस्तान ‘शोक’ मना रहे थे।

इसे भी पढ़ें: राष्ट्रवाद, सैनिकों का बलिदान भी किसानों की मौत जितना महत्वपूर्ण चुनावी मुद्दा: मोदी

उन्होंने कहा, ‘‘देश भर में युवा जब पटाखें जला रहे थे, मिठाइयां बांट रहे थे, शहीदों को श्रद्धांजलि दे रहे थे, दो जगहों पर शोक मनाया जा रहा था। एक पाकिस्तान में, जोकि रो रहा था और छाती पीट रहा था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘और दूसरा कांग्रेस कार्यालय में शोक का माहौल था।’’ बॉलीवुड की पुरानी फिल्म ‘सौदागर’ के गीत का हवाला देते हुए शाह ने कहा, ‘‘राहुल बाबा आतंकवादियों के साथ इलू-इलू करते हैं, लेकिन यह भाजपा और नरेन्द्र मोदी की सरकार है। हमारी नीति स्पष्ट है। पाकिस्तान से चलने वाली हर गोली का जवाब हम बम से देंगे।’’ वहीं दीसा में दूसरी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने महागठबंधन पर चुटकी ली। उन्होंने सवाल किया, ‘‘ऐसे चलेगी महागठबंधन की सरकार। (बसपा प्रमुख) मायावती सोमवार को प्रधानमंत्री बनेंगी। अखिलेश (सपा प्रमुख) मंगलवार को, शरद पवार (राकांपा प्रमुख) बुधवार को, चन्द्रबाबू नायडू (तेदेपा प्रमुख) गुरुवार को, देवे गौड़ा (जद(एस) नेता) शुक्रवार को, ममता बनर्जी (तृणमूल प्रमुख) शनिवार को और रविवार को छुट्टी होगी। क्य यह देश ऐसे चल सकता है।’’

प्रमुख खबरें

CJI Surya Kant की Bench का सख्त रुख, Public Safety की PIL पर कहा- हम सरकार नहीं, देश नहीं चला सकते

Middle East संकट और US Dollar की मजबूती का असर, Gold Rate में लगातार गिरावट जारी

Donald Trump की चेतावनी बेअसर! World Cup खेलने पर अड़ी ईरान की टीम, दिया कड़ा संदेश

IPL 2026 से पहले KKR को तगड़ा झटका, स्टार गेंदबाज़ Harshit Rana पूरे टूर्नामेंट से हुए बाहर