By अंकित सिंह | Jan 20, 2022
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की ओर से पहली सूची जारी कर दी गई है। पहली सूची में 59 नामों को शामिल किया गया है। नामों की घोषणा करते हुए केंद्रीय मंत्री और उत्तराखंड प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने कहा कि भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी द्वारा उत्तराखंड की रचना हुई। कांग्रेस पार्टी और अन्य दल तब भी उत्तराखंड के गठन का विरोध कर रहे थे। यूपीए के कार्यकाल में भी उत्तराखंड के साथ सौतेला व्यवहार किया गया। इसके साथ ही प्रह्लाद जोशी ने यह भी कहा कि पिछले 5 वर्षों में उत्तराखंड में विकास हो रहा है। देश की सुरक्षा में उत्तराखंड का बहुत बड़ा योगदान है। उत्तराखंड में सैन्य धाम की स्थापना की कल्पना भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने की है।
11 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम को लेकर अब भी मंथन चल रहा है। 15 ब्राह्मण और तीन बनिया उम्मीदवार बनाए गए हैं। पहली सूची में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का नाम नहीं है। हालांकि त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पहले ही हाईकमान को पत्र लिखकर आगामी विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार न बनाए जाने की अपील की थी। पिछले हफ्ते उत्तराखंड महिला कांग्रेस के अध्यक्ष सरिता आर्या भाजपा में शामिल हुई थीं उन्हें भी नैनीताल से टिकट दिया गया है। अरुण नौटियाल को कर्णप्रयाग से टिकट दिया गया है।