By अंकित सिंह | Sep 01, 2023
आने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा को टक्कर देने के लिए विपक्षी गठबंधन इंडिया की बैठक मुबंई में चल रही है। इसमें 28 दलों ने हिस्सा लिया है। गठबंधन की यह तीसरी बैठक है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विपक्ष की बैठक में कहा कि भाजपा एजेंसियों पर पूर्ण नियंत्रण चाहती है। उन्होंने कहा कि ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) का आधार बढ़ रहा है, ऐसे में भाजपा सरकार हमारे नेताओं के खिलाफ एजेंसियों का ‘दुरूपयोग’’ करेगी। उन्होंने कहा कि हमारी ताकत सरकार को ‘भयभीत’ कर रही है और इसी कारण मनमाने तरीके से अहम विधेयक लेकर आयी, हमारे सांसदों को निलंबित किया। खरगे ने कहा कि भाजपा, आरएसएस ने नौ वर्षों में जो ‘सांप्रदायिकता का जहर’ फैलाया है वह अब ट्रेन में यात्रियों, स्कूल के बच्चों के खिलाफ नफरत भरे अपराधों के तौर पर दिखाई दे रहा है।
विपक्षी गुट इंडिया की बैठक के दूसरे दिन गठबंधन द्वारा कई प्रमुख मामलों पर निर्णय लेने की उम्मीद है, जिसमें एक समन्वय समिति का गठन और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) 2024 से लोकसभा चुनाव में मुकाबला करने के लिए एक साझा एजेंडा शामिल है। हालाँकि, लोगो का अनावरण आज नहीं किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक नए सुझावों को लागू करने के लिए लोगो की रिलीज टाल दी गई है। गठबंधन की तीसरी बैठक का उद्देश्य अभियान की रणनीति तैयार करना और विपक्षी गुट की औपचारिक संरचना को अंतिम रूप देना है। विपक्षी नेताओं के शुक्रवार को एक संयुक्त बयान जारी करने की संभावना है।