By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 18, 2017
अहमदाबाद। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल ने भाजपा के गुजरात विधानसभा चुनाव में 150 सीट जीतने के दावे का मजाक उड़ाते हुए कहा है कि भाजपा का गुब्बारा जल्द ही फूटेगा। यहां साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाला है। पटेल ने कहा, ‘‘गुजरात उत्तर प्रदेश या उत्तराखंड नहीं है कि वह 150 सीट जीतने का दावा कर रहे हैं। उनका गुब्बारा फूटेगा।’’
पटेल यहां एक निजी कार्यक्रम में आए हुए थे। उत्तर प्रदेश में मिली जीत के बाद गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी ने दावा किया था कि भाजपा गुजरात में 150 सीटें जीतेगी। भाजपा ने एक नारा ‘‘उत्तर प्रदेश में 325, गुजरात में 150’’ जारी किया है। गुजरात में विधानसभा की 182 सीटें हैं। भाजपा राज्य में पिछले 19 साल से सत्ता में है।