BJP और SAD नेताओं की सुखबीर सिंह बादल के घर पहली बैठक, चुनावी मुद्दों पर चर्चा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 28, 2026

पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के छह साल के अंतराल पर फिर से साथ आने के बाद, दोनों दलों के नेताओं की पहली बैठक शनिवार को शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के आवास पर हुई। यह माना जा रहा कि बैठक में सीट-बंटवारे सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई है। भाजपा-शिअद ने 2027 की शुरुआत में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए मंगलवार को गठबंधन की घोषणा की थी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट किया था कि मुख्यमंत्री का पद शिअद को मिलेगा, क्योंकि इस गठबंधन में वही ‘बड़े भाई’ की भूमिका में होगा। गठबंधन ने पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। भाजपा की पंजाब इकाई के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में पार्टी नेताओं का एक समूह शनिवार को बैठक के लिए शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के आवास पर पहुंचा।

ढिल्लों के अलावा, प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़, विधायक अश्वनी शर्मा और पार्टी के वरिष्ठ नेता अनिल सरीन भी मौजूद थे। शिअद नेताओं दलजीत सिंह चीमा और सिकंदर सिंह मलुका ने बादल के आवास पर भाजपा नेताओं का स्वागत किया। भाजपा नेता जाखड़ से संवाददाताओं ने जब बैठक के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि यह एक शिष्टाचार भेंट है।

उन्होंने साथ ही कहा कि सभी मुद्दों पर चर्चा होगी। जाखड़ ने इसी के साथ कुछ विधानसभा सीट पर गतिरोध के दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि कोई समस्या नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आठ दिसंबर को मोगा आएंगे।

भाजपा-शिअद गठबंधन के फिर से बहाल होने के बाद, मोगा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की पहली रैली आठ दिसंबर को होगी जिसे प्रधानमंत्री संबोधित करेंगे।

प्रमुख खबरें

Sudhanshu Trivedi बोले, Parliament में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण के लिए Delimitation जरूरी

EPFO सदस्यों को रिटायरमेंट बाद किस्तों में निकासी पर नहीं देना होगा Tax

Delimitation Bill पर Kiren Rijiju ने Congress से मांगा समर्थन, राजनीति छोड़ने की दी सलाह

Jacob Duffy ने सीमित ओवरों के क्रिकेट को बताया गेंदबाजी लय बिगड़ने की वजह