By अंकित सिंह | Nov 18, 2024
कांग्रेस नेता और लोकसभा नेता राहुल गांधी के प्रेस कॉन्फ्रेंस पर भाजपा की ओर से पलटवार किया गया है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस बेहद निम्न स्तर की थी। कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी को 'तिजोरी' लाना और उसके इर्द-गिर्द ड्रामा करना शोभा नहीं देता। उन्होंने राहुल पर तंज कसते हुए कहा कि 'छोटा पोपट ने किया है कांग्रेस चोपट। उन्होंने कहा कि बालासाहेब ठाकरे ने अपने एक इंटरव्यू में राहुल गांधी को 'पोपट' नाम दिया था। कई सालों से 'तिजोरी' लूटने वाले लोग अब 'तिजोरी' का मतलब सुरक्षित मानते हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि महाराष्ट्र का चुनाव गरीबों और चंद अरबपतियों के बीच का चुनाव है। अरबपति चाहते हैं कि मुंबई की जमीन उन्हें मिले। करीब 1 लाख करोड़ रुपए एक अरबपति को देने की तैयारी है। कांग्रेस पार्टी की सोच है कि महाराष्ट्र के किसानों, गरीबों , बेरोजगारों की मदद हो। राज्य के लिए महंगाई, बेरोजगारी मुख्य मुद्दे हैं। उन्होंने वादा किया कि महिलाओं को हर महीने 3000 रुपए देंगे। महिलाओं को फ्री बस की सुविधा मिलेगी। किसानों का 3 लाख रुपए तक का कर्ज माफ होगा। सोयाबीन पर 7,000 रुपए प्रति क्विंटल मिलेगा। प्याज के किसानों के लिए फेयर प्राइस कमेटी होगी। कपास के लिए फेयर MSP होगी।