By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 25, 2023
पूर्णिया। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार पर सीधा निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा देश को जाति और धर्म के आधार पर बांटने की कोशिश कर रही है। प्रसाद ने दावा किया कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) देश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ है। हाल ही में सिंगापुर में सफल गुर्दा प्रतिरोपण के बाद देश लौटे प्रसाद यहां महागठबंधन की एक रैली को दिल्ली से डिजिटल तरीके से संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस दोनों ही आरक्षण के खिलाफ हैं और वे संविधान को बदलने और आरक्षण खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। लालू ने कहा, ‘‘हमारी लड़ाई आरएसएस की विचारधारा से है। भाजपा, आरएसएस के निर्देशों का पालन कर रही है। बिहार ने पहल की है और आने वाले चुनावों में पूरे देश से भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का सफाया हो जाएगा।