By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 06, 2021
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की आर्थिक समृद्धि के लिए दोनों गठबंधनों ने कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा, ‘‘केरल की अर्थव्यवस्था अब भी मुख्यत: विदेशों से आने वाले धन पर निर्भर है। एलडीएफ और यूडीएफ ने राज्य के लिए कुछ नहीं किया। भ्रष्टाचार और घोटालों में दोनों ने एक दूसरे को जरूर चुनौती दी।’’ जोशी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के बारे में कहा कि वे बिल्कुल भी गंभीर राजनीतिज्ञ नहीं हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस डूब रही है और वह (राहुल) राजनीतिक बयानबाजी में व्यस्त हैं। लोगों को अनुभव हो गया है कि वे पार्ट-टाइम (अंशकालिक) राजनीतिज्ञ हैं। उन्हें यह तक पता नहीं है कि मत्स्य मंत्रालय भी है देश में।’’ भाजपा नेता ने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में भाजपा अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘केरल में भाजपा का अपना आधार है जो वैचारिक रूप से भाजपा से जुड़ा हुआ है लेकिन वह भाजपा की जीत को लेकर कभी आश्वस्त नहीं रहा। बहरहाल, अब यह विश्वास जगा है। भाजपा तीसरे विकल्प के रूप में उभरेगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा एक विश्वसनीय राजनीतिक दल के रूप में केरल में तीसरे विकल्प के रूप में उभरेगी। इस बार का चुनाव दो पक्षीय नहीं होगा। कई स्थानों पर राज्य में त्रिकोणीय मुकाबला है। भाजपा के आंकड़े ना सिर्फ बढ़ेंगे, बल्कि वोट प्रतिशत में भी इजाफा होगा।’’ केरल की 150 सदस्यीय विधानसभा के गठन के लिए छह अप्रैल को मतदान होना है।