Nashik में Rahul Gandhi के दौरे पर BJP महिला मोर्चा का प्रदर्शन, काले कपड़े पहनकर की नारेबाजी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 02, 2026

(फाइल फोटो के साथ) मुंबई, 2 सितंबर नासिक की महापौर हिमगौरी आहेर-अडके, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अन्य महिला नेताओं और समर्थकों ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नासिक दौरे के विरोध में बुधवार को मार्च निकाला और आरोप लगाया किउनकी पार्टी संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के प्रतिनिधित्व का विरोध कर रही है। भाजपा महिला मोर्चे की कई कार्यकर्ता काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन में शामिल हुईं और उन्होंने गांधी के खिलाफ ‘‘वापस जाओ’’ के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर महिला सशक्तीकरण का विरोध करने का आरोप लगाया।

हाल में गांधी ने देश के विभिन्न हिस्सों में युवाओं से संवाद के लिए ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किए हैं। महिलाओं को विधानसभाओं और लोकसभा में आरक्षण देने तथा लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाने से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को इस साल अप्रैल में लोकसभा में मंजूरी नहीं मिल सकी थी। इस विधेयक में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटों के आरक्षण का प्रावधान किया गया था।

नासिक की भाजपा विधायक देवयानी फरांदे ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मेरा राहुल गांधी से सवाल है कि आपकी पार्टी लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के प्रतिनिधित्व का विरोध क्यों करती है? राहुल गांधी को आज इसका जवाब देना चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अगर देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है तो हमने देखा है कि स्थानीय निकायों में आरक्षण मिलने के बाद महिलाओं का बड़े स्तर पर सशक्तीकरण हुआ है। महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरुक हुई हैं।’’ फरांदे ने गांधी पर उनकी पार्टी की राजनीतिक स्थिति को लेकर भी निशाना साधा और सवाल किया कि क्या उनकी पार्टी अभी भी ‘कांग्रेस’ है या ‘‘कॉकरोच पार्टी’’ बन गई है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को इसका जवाब जनता को देना चाहिए।

प्रमुख खबरें

Lucknow में सड़क धंसने से 2 बाइक सवार घायल, Kanpur में भी ढहा नाला

कश्मीर में सड़क पर सियासी जंग! रोजगार को मुद्दा बनाकर BJP ने किया वार, राज्य का दर्जा बना NC का हथियार

Ireland, England हार के बाद BCCI का मंथन, Team India के प्रदर्शन पर अहम समीक्षा बैठक

Ayodhya Ram Mandir को मिलेगा पहला CEO: आज होगा अहम प्रशासनिक पद का चयन, ये हैं टॉप 3 दावेदार