BJP कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प, आज रहेगा ओडिशा बंद

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 24, 2018

भुवनेश्वर। ओडिशा के कोरापुट जिले में पिछले साल अक्तूबर में वर्दी पहने चार व्यक्तियों द्वारा एक नाबालिग लड़की से कथित बलात्कार की घटना और उसकी खुदकुशी की सीबीआई जांच की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया और उनसे झगड़ा किया। लड़की द्वारा कथित रूप से आत्महत्या करने के एक दिन बाद भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पार्टी की महिला इकाई की सदस्यों के साथ मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के निवास तक मार्च निकालने की कोशिश की।

पुलिस उपायुक्त सत्यब्रत भोई ने कहा कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर बितर करने के लिए लाठी चार्ज किया। कांग्रेस महिला इकाई की सदस्यों ने भी धरना दिया और नवीन निवास में घुसने की कोशिश की। उपायुक्त ने बताया कि पुलिस ने भाजपा और कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। उन्होंने कहा कि अब हालात काबू में है। आंदोलनकर्ताओं को तितर बितर कर दिया गया। प्रदर्शनकारियों के पथराव में चार पुलिस कर्मियों को चोटें आईं।

लाठीचार्ज में भाजपा के कई कार्यकर्ता जख्मी हुए। भाजपा ने अविभाजित कोरापुट जिले में कल सुबह से शाम तक के बंद का आह्वान किया है ताकि 14 वर्षीय आदिवासी लड़की की मौत की सीबीआई जांच के लिए दबाव बनाया जा सके। लड़की ने कल अपने घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी। अविभाजित कोरापुट जिले में मल्कानगिरी, नबरंगपुर और रायगढ़ जिले शामिल हैं।

कांग्रेस ने भी कल 12 घंटे के राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है। अधिकारियों ने बताया कि कोरापुट में उस समय तनाव व्याप्त हो गया जब कांग्रेस नेता प्रदीप माझी की अगुवाई में स्थानीय लोग अस्पताल से लड़की का शव ले गए। उन्होंने अधिकारियों को शव का पोस्टमार्टम नहीं करने दिया। उन्होंने बताया कि आंदोलनकर्ताओं ने कोरापुट के कुंडली में राष्ट्रीय राजमार्ग 26 पर लड़की का शव रखकर धरना दिया और सामूहिक बलात्कार की कथित घटना में शामिल लोगों और उन पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जो लड़की को इंसाफ दिलाने में नाकाम रहे हैं।

केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री और भाजपा नेता जुआल ओराम ने समूची घटना की सीबीआई जांच की मांग की और आरोप लगाया कि लड़की को इंसाफ नहीं दिया गया। इस बीच, ओडिशा की महिला एवं बाल विकास मंत्री प्रफुला समल ने कहा कि उनका महकमा उन परिस्थितियों की जांच करेगा जिनमें बलात्कार पीड़िता को अपनी जान देनी पड़ी।

प्रमुख खबरें

EV Market में मचेगी खलबली! Ola Electric अपने Battery Business के लिए जुटाएगी ₹2000 करोड़

Credit-Debit Card यूजर्स को बड़ा झटका, Airport Lounge की फ्री सुविधा अब होगी बंद।

व्यापार घाटे पर राहत, पर Middle East संकट ने बढ़ाई टेंशन, Indian Exports पर मंडराया खतरा

West Bengal BJP Candidate List: भवानीपुर में भी नंदीग्राम वाला इतिहास दोहराएगा? BJP ने पहली लिस्ट जारी कर ही ममता पर प्रेशर बढ़ाया