By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 08, 2024
मुंबई। मुंबई की एक अदालत ने बीएमडब्ल्यू ‘हिट-एंड-रन’ मामले में शिवसेना नेता राजेश शाह को सोमवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। दुर्घटना के समय उनका बेटा कथित तौर पर गाड़ी चला रहा था जो फरार है। पुलिस ने बताया कि शिवसेना नेता का बेटा मिहिर शाह (24) कथित तौर पर बीएमडब्ल्यू कार चला रहा था जिसने रविवार सुबह मुंबई के वर्ली इलाके में एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी और इस हादसे में बाइक पर सवार कावेरी नखवा (45) की मौत हो गई, वहीं उनके पति प्रदीप घायल हो गए। मामले में शाह का ड्राइवर राजर्षि बिदावत भी आरोपी है।
शाह पालघर जिले में सत्तारूढ़ शिवसेना के नेता हैं। अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया और उनके चालक को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। मिहिर अब भी फरार है और पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के लिए छह दल बनाए हैं। मिहिर को विदेश भागने से रोकने के लिए लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) भी जारी किया गया है। कावेरी नखवा रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे एनी बेसेंट रोड पर अपने पति प्रदीप के साथ दुपहिया वाहन से जा रही थीं, तभी बीएमडब्ल्यू कार के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और उन्हें टक्कर मार दी।