कर्नाटक चुनाव से पहले बोम्मई और येदियुरप्पा राज्यव्यापी दौरा शुरू करेंगे

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 11, 2022

बेंगलुरु। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता बी. एस. येदियुरप्पा मंगलवार को रायचूर से प्रदेश में पार्टी के चुनावी दौरे की शुरुआत करेंगे। राज्य में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। दोनों नेता ‘जन संकल्प यात्रा’ के तहत 25 दिसंबर तक 52 विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगे। सत्तारूढ़ दल का यह दौरा ऐसे समय शुरू हो रहा है जब राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा राज्य से गुजर रही है।

इसे भी पढ़ें: भारत के पूर्व खिलाड़ी आकाश चोपड़ा ने दिया ट्रोलर को करारा जवाब, बुलाया था असफल क्रिकेटर

एक सवाल के जवाब में बोम्मई ने कहा कि वह और उनकी पार्टी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर चिंतित नहीं हैं और कहा कि इस पदयात्रा का कोई असर नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘दुनिया जानती है, यह किन्हें ‘जोड़’ रहा है और किन्हें ‘विभाजित’ कर रहा है। इसका कोई महत्व नहीं है। हम चिंतित नहीं हैं, हम चुनाव जीतने के लिए संकल्प यात्रा निकाल रहे हैं। हम लोगों को अपने कार्यक्रमों के बारे में बताएंगे। इससे (कांग्रेस की यात्रा के साथ भाजपा दौरे का) कोई संबंध नहीं है।’’ भाजपा का यह दौरा रायचूर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से शुरू होगा जो अनुसूचित जनजाति (एसटी) सुरक्षित सीट है और वहां वाल्मीकि समुदाय की खासी उपस्थिति है। राज्य सरकार ने पिछले सप्ताह अनुसूचित जाति के लिए आरक्षण कोटा 15 प्रतिशत से बढ़ाकर 17 प्रतिशत और अनुसूचित जनजातियों के लिए तीन प्रतिशत से बढ़ाकर सात प्रतिशत करने का निर्णय लिया था।

वाल्मीकि गुरुपीठ के संत प्रसन्नानंद स्वामी एसटी कोटा बढ़ाने की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर हैं। बोम्मई और येदियुरप्पा मुख्य रूप से ‘कल्याण कर्नाटक’ क्षेत्र का दौरा करेंगे। वे जिन 52 सीटों का दौरा करेंगे, उनमें से 20 सीट अभी कांग्रेस और चार सीट जद (एस) के पास है। इसके साथ ही, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नलिन कुमार कटील अगले तीन दिनों में हावेरी, गडग और हुबली-धारवाड़ का दौरा करेंगे।

प्रमुख खबरें

SEBI का बड़ा एक्शन: Renewal Fees न भरने पर 12 Research Analyst का रजिस्ट्रेशन किया रद्द

Donald Trump की डिमांड वाली पॉलिसी हिट! NATO में झुका Spain, रक्षा खर्च बढ़ाने पर हुआ राजी

Bankipur By-Election: BJP उम्मीदवार Abhishek Sinha ने वापस लिया नामांकन, सियासी गलियारों में हलचल

TRAI का नया नियम: Mobile App अब नहीं रोक पाएंगे 1600 सीरीज से आने वाली सरकारी Call