कर्नाटक में बोम्मई की ईमानदारी और येदियुरप्पा के वोटबैंक से भाजपा को चुनावों में हैं बड़ी उम्मीदें

By गौतम मोरारका | Mar 12, 2023

कर्नाटक विधानसभा चुनावों से पहले हाल के दिनों में जिस तरह भाजपा ने कद्दावर नेता बीएस येदियुरप्पा को फिर से तवज्जो देना शुरू किया था उससे लग रहा था कि पार्टी एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के करिश्मे पर ही निर्भर रह गयी है। ऐसे में सवाल उठ रहा था कि मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई को चेहरा आगे रखा जायेगा भी या नहीं? लेकिन अब जिस तरह से भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आगामी कर्नाटक विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मुख्यमंत्री बोम्मई के नेतृत्व में प्रदेश चुनाव अभियान समिति का गठन किया है, उससे साफ हो गया है कि चुनावों के दौरान बोम्मई ही मुख्य भूमिका में रहेंगे। पार्टी ने चुनाव प्रबंधन समिति की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे को सौंपी है जोकि येदियुरप्पा की करीबी मानी जाती हैं।

पार्टी येदियुरप्पा को काफी महत्व दे रही है क्योंकि माना जा रहा है कि भाजपा के शीर्ष केंद्रीय नेता चाहते हैं कि चुनावी राजनीति से संन्यास की पहले ही घोषणा कर चुके अस्सी वर्षीय येदियुरप्पा कर्नाटक के आगामी विधानसभा चुनाव में केंद्रीय भूमिका में रहें। येदियुरप्पा को चुनाव अभियान में सबसे आगे रखने की वजह कोई छिपी हुई नहीं है, क्योंकि प्रदेश में पार्टी को जमीनी स्तर से खड़ा करने वाले और चार बार मुख्यमंत्री रह चुके येदियुरप्पा की लोगों, खासकर प्रभावशाली लिंगायत समुदाय, के बीच व्यापक पकड़ है। भाजपा ‘येदियुरप्पा फैक्टर’ पर भरोसा कर रही है और उनके प्रभाव का भरपूर इस्तेमाल करते हुए उन्हें ‘पोस्टर ब्वॉय’ के रूप में सामने रख रही है। भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व हाल के दिनों में अपनी जनसभाओं में येदियुरप्पा के लिए तारीफ का पुल बांधता रहा है।

इसे भी पढ़ें: Elections 2023 : चुनावों से पहले कर्नाटक को मिलेगा बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे की सौगात, 16 हजार करोड़ की परियोजनाओं की आधारशीला रखेंगे PM Modi

देखा जाये तो अक्सर ऐसा नहीं होता नहीं है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में कोई और सुर्खियों में रहे, लेकिन 27 फरवरी को एक ऐसे मौके पर शिवमोगा की जनसभा में मोदी ने कर्नाटक में भाजपा के कद्दावर नेता येदियुरप्पा को ‘कर्मभूमि’ का ‘गौरव’ बताया था। यही नहीं, हाल में येदियुरप्पा के 80वें जन्मदिन पर शिवमोगा हवाई अड्डे के उद्घाटन के अवसर पर जनसभा में मोदी सार्वजनिक जीवन में उनके योगदानों को ‘प्रेरणादायी’ बताते नजर आये। प्रधानमंत्री ने मंच पर उनका अभिनंदन किया था और जनसभा में मौजूद लोगों से येदियुरप्पा के सम्मान के तौर पर अपने मोबाइल फोन का फ्लैश लाईट जलाने की अपील की। इस अपील पर लोगों की प्रतिक्रिया उत्साहजनक थी। जब लिंगायत समुदाय के कद्दावर नेता येदियुरप्पा ने अपना भाषण समाप्त किया, तब मोदी ने खड़े होकर उनकी तारीफ की थी।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने हाल में कर्नाटक विधानसभा में येदियुरप्पा द्वारा दिये गये आखिरी भाषण का भी बार-बार जिक्र किया और कहा कि यह सार्वजनिक जीवन में हर व्यक्ति के लिए ‘प्रेरणास्पद’ है। साथ ही गृह मंत्री अमित शाह ने भी हाल में एक जनसभा में लोगों से मोदी एवं येदियुरप्पा पर विश्वास करने तथा भाजपा के पक्ष में वोट देकर राज्य में फिर उसे सत्तारूढ़ करने की अपील की थी। इसी तरह के बयान नड्डा एवं राजनाथ सिंह भी दे चुके हैं, जो हाल ही में प्रचार के लिए आये थे।

बहरहाल, कुछ राजनीतिक प्रेक्षकों एवं पार्टी के अंदरूनी स्रोतों का कहना है कि येदियुरप्पा को भाजपा द्वारा पेश करने का लक्ष्य सत्ताविरोधी लहर की धार कुंद करना, लिंगायत वोटबैंक को कायम रखना तथा विपक्षी कांग्रेस के आरोपों का मुकाबला करना जान पड़ता है।

-गौतम मोरारका

प्रमुख खबरें

Privacy पर छिड़ी बहस के बीच Meta का बड़ा एक्शन, AI Glasses में छेड़छाड़ पर बंद होगा Camera

Wimbledon में भारतीय टेनिस का नया सितारा, Arnav Paparkar 36 साल बाद Junior Quarter-Final में।

FIFA World Cup में रेफरी पर बड़ा बवाल, Argentina से हार के बाद मिस्र ने FIFA में दर्ज कराई शिकायत

Hormuz में हमलों से Crude Oil में लगी आग, US-Iran तनाव से भारत की भी बढ़ी टेंशन।