प्रो बॉक्सिंग लीग के सेकंड ट्रायल रन में देशभर के मुक्केबाज दिखाएंगे दमखम: संजीव हांडिक

By प्रेस विज्ञप्ति | Jun 04, 2026

नई दिल्ली/गोलाघाट (असम)। इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन (IABF) द्वारा आयोजित होने वाली प्रो बॉक्सिंग लीग: 2026 के सेकंड ट्रायल रन के रूप में काजीरंगा राइनो चैंपियनशिप का आज से असम के गोलाघाट जिले में भव्य शुभारंभ हो रहा है। यह तीन दिवसीय प्रतियोगिता 5 से 7 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी।

इसी कड़ी में आयोजित काजीरंगा राइनो चैंपियनशिप में देशभर, विशेषकर पूर्वोत्तर भारत के प्रतिभाशाली महिला एवं पुरुष मुक्केबाज हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी प्रो बॉक्सिंग लीग की विभिन्न टीमों के लिए किया जाएगा।

फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र शुक्रवार को गोलाघाट (असम) पहुंचेंगे।आईएबीएफ  के महासचिव श्री राकेश ठाकरान गुरुवार सायं ही गोलाघाट पहुंच चुके हैं। वहीं देश के विभिन्न राज्यों से खिलाड़ियों एवं अधिकारियों का आगमन भी प्रारंभ हो गया है।

आयोजन समिति के सचिव संजीव हांडिक ने बताया कि प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। असम के मुक्केबाज एवं स्थानीय खेल प्रेमी देशभर से आने वाले खिलाड़ियों के स्वागत के लिए उत्साहित हैं। गोलाघाट स्टेडियम को आकर्षक रूप से सजाया गया है तथा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बॉक्सिंग रिंग तैयार किए गए हैं।

आज से प्रारंभ होकर 7 जून तक चलने वाले इस महाआयोजन में रोमांचक मुकाबलों की श्रृंखला देखने को मिलेगी। ग्रैंड फिनाले मुकाबलों के साथ प्रतियोगिता का समापन होगा। असम की जनता खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है।

चयनित खिलाड़ियों को मिलेगा प्रो बॉक्सिंग लीग में अवसर: राकेश ठाकरान

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी मुक्केबाजों को प्रोत्साहन स्वरूप नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। विभिन्न वजन वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी प्रो बॉक्सिंग लीग के लिए किया जाएगा। चयन प्रक्रिया राष्ट्रीय स्तर की रैंकिंग एवं प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर होगी। निर्धारित श्रेणियों में शीर्ष पुरुष एवं महिला मुक्केबाजों को प्रो बॉक्सिंग लीग की टीमों में स्थान दिया जाएगा, जिससे उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा।

रेफरी एवं जज प्रशिक्षण कार्यक्रम भी साथ-साथ: राकेश भारद्वाज

इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन का मानना है कि खिलाड़ियों के साथ-साथ प्रशिक्षित रेफरी और जजों का विकास भी बॉक्सिंग के समग्र उत्थान के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से फेडरेशन द्वारा 4 से 7 जून 2026 तक गोलाघाट स्टेडियम, असम में राष्ट्रीय रेफरी एवं जज प्रशिक्षण  कार्यक्रम का भी आयोजन किया जा रहा है।यह आयोजन देश में जजों को तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

डिजिटल स्कोरिंग सिस्टम से बढ़ेगी पारदर्शिता: संजीव कुमार

उल्लेखनीय है कि इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन ने प्रतियोगिताओं में पारदर्शिता और तकनीकी उत्कृष्टता सुनिश्चित करने के लिए एक आधुनिक डिजिटल स्कोरिंग सिस्टम विकसित किया है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में देश के अनेक राज्यों से रेफरी एवं जज भाग ले रहे हैं तथा उन्हें नवीनतम अंतरराष्ट्रीय मानकों और डिजिटल स्कोरिंग प्रणाली का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

रेफरी एवं जज समिति के अध्यक्ष श्री राकेश भारद्वाज के नेतृत्व में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशिक्षित रेफरी एवं जजों की मजबूत टीम तैयार होने से देशभर में उच्च गुणवत्ता वाली बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन और अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा तथा भारतीय मुक्केबाजी को जमीनी स्तर पर सशक्त आधार प्राप्त होगा।

सभी मैचों का प्रसारण चैनल व यूट्यूब पर लाइव होगा: शशिकांत मिश्र

बॉक्सिंग को लोकप्रिय बनाने हेतु इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन द्वारा आयोजित होने वाले सभी मुक़ाबलों का सीधा प्रसारण किया जायेगा। आयोजन का सीधा प्रसारण विभिन्न यूट्यूब चैनलों एवं एचडी संगम चैनल पर किया जाएगा, जिससे देशभर के खेल प्रेमी मुकाबलों का आनंद ले सकेंगे। जिसे हम अपने दर्शकों के साथ साझा करेंगे व अपने प्रशंसकों को बॉक्सिंग से जोड़ेंगे।

प्रमुख खबरें

World Junior Squash Championship: अनाहत सिंह ने रचा इतिहास, Gold Medal जीतने वाली पहली भारतीय बनीं

अगस्त में IPO Market में आएगी बहार, Zepto समेत कई बड़ी कंपनियां जुटाएंगी ₹25,000 करोड़

Typhoon Noul का तांडव! चीन के Guangdong में सर्वोच्च चेतावनी, 400 से ज्यादा Flights रद्द

Comic-Con 2026 Big Reveal: 2028 में थिएटर्स में दिखेंगे नए Ghost Rider, आइकोनिक किरदार निभाएगा ये सुपरस्टार