ब्रिटेन: व्याख्याताओं का उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन से इनकार, विद्यार्थियों की स्नातक डिग्री अटकी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 07, 2023

ब्रिटेन में श्रम विवाद के कारण व्याख्याताओं ने परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करने से इनकार कर दिया है जिससे हजारों विद्यार्थियों को स्नातक की डिग्री नहीं मिल पा रही है। हफ्सा यूसुफ पिछले सप्ताह स्नातक करने वाली थीं। अंग्रेजी साहित्य की छात्रा यूसुफ ने समारोह में भाग लेने के लिए 200 पाउंड खर्च करके ‘ग्रेजुएशन गाउन’ की व्यवस्था करने के साथ फोटोग्राफी तथा अपने परिवार के लिए टिकट का प्रबंध किया। लेकिन समारोह से ठीक दो हफ्ते पहले, लंदन की क्वीन मैरी यूनिवर्सिटी ने उन्हें एक ई-मेल भेजा जिसमें कहा गया कि ब्रिटेन में अकादमिक कर्मचारियों द्वारा की गई हड़ताल के कारण अभी वह स्नातक की डिग्री हासिल नहीं कर सकेंगी। करीब 140 विश्वविद्यालयों के व्याख्याताओं ने वेतन और कामकाजी परिस्थितियों को लेकर विवाद के बीच उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करने और पठन-पाठन गतिविधियों में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया है। यूसुफ ने कहा, ‘‘मूल्यांकन प्रक्रिया का बहिष्कार किए जाने के कारण, मैं स्नातक होने में सक्षम नहीं हूं। हम सभी ने समय पर सभी शुल्क का भुगतान किया, बस दो सप्ताह पहले एक ई-मेल मिला कि आप समारोह में नहीं आ सकते।’’

अनिश्चितताएं अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों के लिए भी चिंताजनक हैं, जिन्हें ब्रिटेन में रहने के लिए अतिरिक्त जटिलताओं और बढ़े हुए खर्च का सामना करना पड़ता है। काम की तलाश में देश में रहने की उम्मीद रखने वाले छात्र अपनी डिग्री प्राप्त करने के बाद ही स्नातक वीजा के लिए आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय और कॉलेज संघों ने कॉलेज प्रबंधन पर विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटकाने का आरोप लगाया है। उनका तर्क है कि विश्वविद्यालयों के पास कर्मचारियों के वेतन को 10 प्रतिशत तक बढ़ाने के लिए पर्याप्त अतिरिक्त आय है, लेकिन वे कर्मचारियों के वेतन में किसी तरह की वृद्धि से इनकार कर रहे हैं। संघों के साथ बातचीत में कॉलेजों का प्रतिनिधित्व कर रहे ‘यूनिवर्सिटीज एंड कॉलेजेज एम्प्लॉयर्स एसोसिएशन’ का कहना है कि 2023 से 2024 तक कोई वेतन वृद्धि नहीं होगी, लेकिन जोर दिया कि वह कार्यभार और अनुबंध जैसे अन्य मुद्दों पर बातचीत करने के लिए तैयार है। कुछ छात्र अनुबंध के उल्लंघन के लिए विश्वविद्यालयों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पर विचार कर रहे हैं। यूसुफ ने कहा, ‘‘हम सैकड़ों और हजारों पाउंड का भुगतान करते हैं। अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों की फीस आसमान छू रही है। हम स्नातक होने की उम्मीद करते हैं। हमें उम्मीद है कि हम अपने ग्रेड समय पर हासिल कर लेंगे।

प्रमुख खबरें

12 करोड़ की बड़ी कुर्बानी, Rishabh Pant की Delhi Capitals में वापसी, BCCI की मुहर का इंतजार!

मुझे Delhi Police गिरफ्तार करने वाली है..., Abhijeet Dipke का Jail Bharo Andolan का आह्वान, Jantar Mantar पर बढ़ा तनाव

भारत से पहली बार कांपा चीन, पुतिन के गुरु बोले हिंदू आ रहे हैं!

Bihar को मिलेगी नई पहचान, Patna का JP Ganga Path बनेगा World-Class Tourism Hub